पौधरोपण स्थलों पर फेंसिंग और रखरखाव किए जाने के दिए निर्देश
—
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने की एक पेड़ मां के नाम अभियान, जनकल्याणकारी शिविर और योग कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा
—
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान, जनकल्याणकारी शिविर, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन तथा सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रमों के आयोजन के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि 5 जून को जिले में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाए। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका को स्पाट का चयन किए जाने के निर्देश दिए, जहां बायोडायवर्सिटी पार्क के रूप में डेवलप किया जा सके। इसके अलावा उन्होंने वन विभाग, जन अभियान परिषद को स्थान चयन कर वृहद स्तर पर पौधरोपण की कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार उन्होंने जन अभियान परिषद को भी निर्देशित किया कि दो पहाड़ियों का चयन किया जाए, जहां पौधरोपण कर उन्हें वृक्षों से आच्छादित किया जा सके।
उन्होंने पौधरोपण के संबंध में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि पौधों के रखरखाव का विशेष ध्यान रखे। इसके अलावा उन्होंने पौधरोपण किए गए स्थानों पर अनिवार्य रूप से फेंसिंग कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई अभियान की समीक्षा के दौरान माचना नदी पर विशेष साफ-सफाई अभियान आयोजित किए जाने और जल स्त्रोतों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत सभी ग्रामीण क्षेत्रों में वृहद स्तर पर साफ सफाई और परियोजना नगर पालिका अधिकारी को शहरी क्षेत्र में साफ सफाई अभियान सुचारू रूप से चलाने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सामुदायिक शौचालय में पानी और साफ सफाई सुनिश्चित कर उन्हें क्रियाशील रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने पौधरोपण के लिए स्कूल शिक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को वृहद स्तर पर पौधरोपण करने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर पौधरोपण के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कार्यालय में विशेष साफ सफाई अभियान चलाकर अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन कर पीएम स्वनिधि, आयुष्मान, पीएम सूर्य घर बिजली योजना, सहित अन्य योजनाओं में सेचुरेशन लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में जनकल्याणकारी शिविर के आयोजन के लिए एसडीएम एवं सहायक नोडल के रूप में जनपद सीईओ, नगर पालिका सीएमओ रहेगे। इसके अलावा उन्होंने सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी की शिकायतों का भी गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐतिहासिक इमारतों, स्मारकों एवं पर्यटन स्थलों पर योग दिवस का कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्व सहायता समूह की महिलाओं को भी स्थान चिन्हित कर सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किए जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर स्व सहायता समूह की महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, एसडीओ फॉरेस्ट श्री सुंदर निवेदन, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्रीमती इंदिरा महतो, सीएमओ श्री नवनीत पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।

