नशे पर प्रहार : 7 लाख से अधिक मूल्य की ड्रग्स जब्त, तीन गिरफ्तार

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, खातेगांव। देवास जिले के अंतिम छोर पर खातेगांव पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के व्यापार में लिप्त तीन तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। तस्करों के पास से करीब 37 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई, जिसका बाजार मूल्य लगभग 7 लाख 40 हजार रुपए है। खातेगांव थाना प्रभारी विजय सिंह लोधी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। इसके अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौम्या जैन एवं एसडीओपी आदित्य तिवारी के मार्गदर्शन में टीम गठित कर लगातार नशे के अवैध कारोबारियों की तलाश की जा रही थी एवं मुखबिर तंत्र भी सक्रिय किया गया। इसके परिणामस्वरूप बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि अमन पिता राजेश भाटी उम्र 22 साल निवासी बागड़ी कॉलोनी खातेगांव, अपने घर पर अपने दो साथियों रोहित पिता सुनील प्रजापत उम्र 20 साल निवासी खातेगांव एवं मिथलेश पिता कैलाश वर्मा उम्र 28 साल निवासी खातेगांव के साथ अवैध मादक पदार्थ स्मैक (ब्राउन शुगर) बेचने के लिए बैठा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजय सिंह लोधी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रमेश मुनिया के मार्गदर्शन में टीम द्वारा मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी गई। घर के अंदर बैठे अमन और उसके दोनों साथियों को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें तीनों ने बताया कि वे अवैध ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। आरोपियों के कब्जे से कुल 37 ग्राम ब्राउन पाउडर (ब्राउन शुगर) कीमत लगभग 7 लाख 40 हजार रुपए मौके पर जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। थाना खातेगांव पर अपराध क्रमांक 257/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। उक्त कार्रवाई में सउनि रमेश मुनिया, सउनि जगन्नाथ चावड़े, प्रआर सचिन (सायबर), प्रधान आरक्षक सुनील प्रजापति, आरक्षक सोहन जाट, आरक्षक मनीष शर्मा, आरक्षक प्राणसिंह बघेल, आरक्षक मनमोहन मीणा, आरक्षक सोनु कुमार एवं आरक्षक युवराज सायबर सेल कन्नौद का सराहनीय योगदान रहा।

0 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!