सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना भोपाल में विश्व धरोहर दिवस एवं हिंदी कार्यशाला का आयोजन

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, भोपाल। सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना, निशातपुरा, भोपाल में मुख्य कारखाना प्रबंधक प्रफुल्ल वी. कोहाडे के संरक्षण में विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर कारखाने की शॉपों, प्रशिक्षण संस्थानों एवं प्रशासनिक भवन परिसर में विभिन्न रोचक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इनमें संगोष्ठी, हेरिटेज गैलरी में वीडियो शो, प्रश्नमंच कार्यक्रम एवं कारखाना उद्यान में हेरिटेज कोच की सुंदर साज-सज्जा कर उसे अवलोकन के लिए खोलना शामिल रहा। इन कार्यक्रमों का आयोजन कारखाने के राजभाषा अनुभाग एवं ई.एन.एच.एम. अनुभाग द्वारा किया गया।  मुख्य समारोह मुख्य कारखाना प्रबंधक प्रफुल्ल वी. कोहाडे के मुख्य आतिथ्य में कारखाने के प्रशासनिक भवन के सभागार में शनिवार को आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कारखाने की सांस्कृतिक अकादमी के कलाकारों द्वारा संगीतमय सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। इसके पश्चात उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर सोहन सिंह परमार ने पौधा भेंटकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। सहायक कार्मिक अधिकारी एवं संपर्क राजभाषा अधिकारी एम.एल. मौना ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान राजभाषा अनुभाग द्वारा भारतीय रेल की विश्व धरोहरों के संरक्षण विषय पर वीडियो क्लिप एवं पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही राजभाषा अधिनियम 1963 तथा उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कंप्यूटर एप्लिकेशन एवं सॉफ्टवेयर में यूनिकोड समर्थित फॉन्ट के उपयोग पर हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ के रूप में राजभाषा विभाग, मुख्यालय जबलपुर से आमंत्रित व्याख्यानकर्ता बिपुल मंडल ने वीडियो क्लिप एवं पीपीटी के माध्यम से सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक जानकारी दी। मुख्य अतिथि प्रफुल्ल वी. कोहाडे ने अपने संबोधन में कार्यक्रमों के सफल आयोजन पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय रेल की समृद्ध एवं गौरवशाली विरासत को संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में कारखाने के विभिन्न विभागों के अधिकारी, शॉपों एवं अनुभागों के प्रभारी पर्यवेक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। राकेश कुमार मालवीय, वरिष्ठ अनुवादक ने कार्यक्रम का संचालन किया एवं आभार व्यक्त किया।

0 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!