Skip to content
Friday, 23 October 2026
मध्य प्रदेश

ताशकंद वर्ल्ड ताइक्वांडो से लौटी सतना की बेटी अस्मि का हुआ स्वागत

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले ने एक बार फिर अपनी बेटी पर गर्व किया, जब ताशकंद उज्बेकिस्तान में आयोजित वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भाग लेकर लौटीं अस्मि भारती का शहर में भव्य स्वागत किया गया। रविवार को जैसे ही अस्मि आनंद विहार-रीवा एक्सप्रेस से सतना रेलवे स्टेशन पहुंचीं, वहां पहले से मौजूद सैकड़ों लोगों ने ढोल-नगाड़ों और फूलों की वर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया। अस्मि भारती मध्यप्रदेश की पहली ताइक्वांडो खिलाड़ी हैं, जिन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप में अपनी जगह बनाई। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 50 से अधिक देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जहां अस्मि ने जूनियर वर्ग में प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। रेलवे स्टेशन से शुरू हुई स्वागत रैली शहर के प्रमुख मार्गों सर्किट हाउस, चौपाटी होते हुए सतना मार्शल आर्ट एकेडमी और पौराणिक टोला सिविल लाइन तक निकाली गई। पूरे रास्ते लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। जगह-जगह आतिशबाजी, तिलक और फूलमालाओं से अस्मि का अभिनंदन किया गया। जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह ने इसे एक नई परंपरा की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि अब सतना में जो भी खिलाड़ी राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे, उनका इसी तरह भव्य स्वागत किया जाएगा। यह पहल खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन द्वारा अस्मि को सम्मानित भी किया गया। अस्मि के कोच और पिता डॉ. संदीप भारती ने बताया कि यह एक आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता थी और अस्मि का चयन जूनियर वर्ग में होना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष रविशंकर गौरी, संरक्षक अमित सोनी, डॉ. गौरव सिंह गहरबार, एसपी तिवारी, राजीव व्यास सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, खिलाड़ी और शहरवासी मौजूद रहे।

6 Views
What do you think?

Leave a Reply