प्रशासन की कार्यवाही….

84 मकान-दुकानों को प्रशासन ने ढहाया
-रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के लिए हटाया अतिक्रमण
अनोखा तीर, हरदा/टिमरनी। टिमरनी तहसील मुख्यालय के वार्ड नंबर तीन में गुरुवार तड़के प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की है। यह कार्रवाई छिदगांव-हरदा रोड पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए की गई। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। जानकारी के अनुसार कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देश पर एसडीएम संजीव कुमार नागू के नेतृत्व में अमला अतिक्रमण हटाने पहुंचा था। प्रशासन ने रेलवे ओवरब्रिज की जद में आ रहे कुल 84 आवासीय और व्यावसायिक ढांचों को हटाना शुरु किया। यह सभी निर्माण शासकीय भूमि पर बताए जा रहे हैं। तहसीलदार श्वेता बमोरे ने बताया कि जिन लोगों के निर्माण हटाए जा रहे हैं, उन सभी को15 दिन पहले नोटिस जारी किए थे। इसके बाद उनकी पेशी भी हुई और बेदखली का आदेश जारी किया गया था। आदेश में एक सप्ताह के भीतर मकान और दुकानें हटाने के निर्देश प्रदान किए थे। इसके बाद गुरुवार सुबह मुनादी कराने के बाद कार्रवाई प्रारंभ की गई। अतिक्रमण हटाने के दौरान स्थानीय लोगों और अधिकारियों के बीच बहस भी हुई। रहवासियों का आरोप है कि प्रशासन ने उन्हें दुकानों में रखा सामान हटाने की मोहलत नहीं दी और तोड़फोड़ शुरु कर दी गई। प्रशासन की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।

68 Views

Leave a Reply