देवास में दिनदहाड़े 6 लाख की चोरी

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-बैंक से पीछा कर सुभाष चौक में दिया वारदात को अंजाम
अनोखा तीर, देवास। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग के साथ बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। पीड़ित महेंद्रदास से अज्ञात बदमाशों ने 6 लाख रुपये चोरी कर लिए। महेंद्रदास ने बताया कि वे मकान निर्माण के लिए स्टेशन रोड स्थित यूनियन बैंक और अलंकार मार्केट स्थित समता बैंक से राशि निकालकर अपनी एक्टिवा की डिक्की में रखे हुए थे। बैंक का काम निपटाने के बाद वे सुभाष चौक पहुंचे, जहां गाड़ी खड़ी कर पास की झंडे की दुकान से झंडा लेने गए। जब वे वापस लौटे तो देखा कि एक्टिवा की डिक्की खुली हुई थी और उसमें रखे 6 लाख रुपये गायब थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिस पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किए। सीसीटीवी फुटेज में दो अज्ञात संदिग्ध युवकों द्वारा वारदात को अंजाम दिए जाने के संकेत मिले हैं। पीड़ित का कहना है कि संभवत: बदमाश बैंक से ही उनका पीछा कर रहे थे और मौका मिलते ही सुभाष चौक में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

75 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!