पलासनेर सचिव की मौत पर सचिव-सहायक सचिव लामबंद

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-न्यायिक जांच और हत्या का केस दर्ज करने की मांग
अनोखा तीर, हरदा।  मध्य प्रदेश पंचायत सचिव-सहायक सचिव संयुक्त मोर्चा ने सोमवार को अपनी मांगों को लेकर हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन को एक ज्ञापन सौंपा। संगठन ने जिला पंचायत के अतिरिक्त सीईओ प्रवीण कुमार इवने के खिलाफ न्यायिक जांच और हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। संगठन अध्यक्ष भगत लेगा ने बताया कि उनके साथी ग्राम पंचायत सचिव ओमप्रकाश गुर्जर की मौत जांच समिति की प्रताड़ना के कारण हुई है। सचिव संघ का आरोप है कि अतिरिक्त सीईओ प्रवीण इवने ने आर्थिक और मानसिक दबाव बनाया था, जिसके चलते यह घटना हुई।  ज्ञापन में ग्राम पंचायत पलासनेर के शिकायतकर्ताओं और कथित पत्रकारों पर भी मानसिक दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। संघ ने इन शिकायतकर्ताओं के खिलाफ भी उचित कार्रवाई और हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग की। सचिव संघ ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण इवने का हरदा जिले से अन्यत्र स्थानांतरण करने की भी मांग की है। संगठन ने जिले में सक्रिय फर्जी पत्रकारों और आरटीआई कार्यकर्ताओं द्वारा ग्राम पंचायतों से अवैध वसूली का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यूट्यूबर और वॉट्सऐप ग्रुप वाले कथित पत्रकार पंचायतों के कार्यों को प्रभावित कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, सीएम हेल्पलाइन और ग्रेडिंग के अनावश्यक दबाव को समाप्त करने की भी मांग की गई है।  भगत लेगा ने बताया कि सचिव संघ तीन दिन के सामूहिक अवकाश पर रहेगा, जिसे कलमबंद हड़ताल  कहा गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती है, तो समस्त कर्मचारी अनिश्चितकालीन कलमबंद काम बंद कर देंगे और पंचायती के सभी कार्य रोक दिए जाएंगे। इधर, पत्रकारों ने भी सोमवार को एसपी ओर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। पत्रकारों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि ग्राम पंचायत पलासनेर की सरपंच झूठे आरोप लगा रही हैं, जो भी शिकायत की गई है उस पर निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। ताकि वस्तुस्थिति स्पष्ट हो सके।

74 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!