-लघु उद्योग भारती एवं हरदा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन का उद्योगपति मिलन समारोह संपन्न
अनोखा तीर, हरदा। लघु उद्योग भारती एवं हरदा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में औद्योगिक क्षेत्र स्थित कार्यालय में उद्योगपति मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य उद्योगपतियों के बीच आपसी तालमेल बढ़ाने, समन्वय स्थापित करने तथा उद्योग जगत से जुड़े विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में हरदा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप पटेल, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अभय जैन एवं विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने सहित उद्योग जगत से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान हरदा में नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना तथा औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार को लेकर चर्चा हुई। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने हरदा में नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना के लिए शासन स्तर पर पहल एवं प्रयास करने की बात कही। वहीं हरदा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप पटेल ने उद्योगों पर लगने वाले संधारण शुल्क को कम करने की आवश्यकता पर जोर दिया। लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अभय जैन ने स्वागत भाषण देते हुए संगठन की गतिविधियों और उद्योगपतियों के बीच आपसी सहयोग को बढ़ावा देने पर प्रकाश डाला। उन्होंने संगठन से अधिक से अधिक नए सदस्यों को जोड़ने की आवश्यकता भी बताई। कार्यक्रम का संचालन राजेश अग्रवाल ने किया, जबकि आभार दीपक उपाध्याय ने व्यक्त किया। समारोह में उद्योगपतियों के बीच आत्मीय माहौल बनाने के लिए तंबोला एवं कुर्सी दौड़ जैसी मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम के समापन पर राहुल बंसल द्वारा उपस्थित सदस्यों को रिटर्न गिफ्ट वितरित किए गए। इस तरह समारोह में उद्योग जगत के सदस्यों ने एक-दूसरे से संवाद कर औद्योगिक विकास, सहयोग और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की।





