अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड हरदा द्वारा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू कक्षाओं में पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती के अवसर पर विकासखंड स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर पूजन एवं माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शासकीय महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक एवं समाजसेवी बसंत राजपूत रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में विकासखंड समन्वयक राकेश वर्मा ने संगोष्ठी की रूपरेखा एवं उद्देश्य की जानकारी उपस्थित विद्यार्थियों व सहभागियों के समक्ष रखी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने अपने विचारों एवं जीवन दर्शन से समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। हमें महापुरुषों के छायाचित्र तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके विचारों एवं आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय का चिंतन समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण पर केंद्रित था। उन्होंने पं. उपाध्याय के जीवन चरित्र, विचारों एवं सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही ‘पंच परिवर्तनÓ के विषय पर विस्तृत चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को सामाजिक परिवर्तन में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के परामर्शदाता दीनबंधु गौर ने किया। अंत में विकासखंड समन्वयक राकेश वर्मा ने उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों एवं सभी सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई एवं हार्टफुलनेस संस्थान के कार्यकर्ताओ द्वारा कक्षा में ध्यान एवं योग कराया गया।
पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर विकासखंड स्तरीय संगोष्ठी आयोजित

0 Views




