खिरकिया में हुआ भुआणा गुर्जर समाज की महिलाओं का विशाल सम्मेलन

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-महिला मंथन में सामाजिक सुधार पर गंभीर विचार
अनोखा तीर, खिरकिया। श्री भुआणा प्रांतीय गुर्जर महासभा हरदा एवं नयाखेड़ा के संरक्षण में खिरकिया नगर में भुआना गुर्जर महिला मंडल खिरकिया द्वारा समाज की महिलाओं का भव्य सम्मेलन एवं महिला मंथन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस आयोजन में क्षेत्र के अनेक गांवों से गुर्जर महिला मंडल की सदस्याओं सहित सामाजिक महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं। सम्मेलन में लगभग तीन हजार महिलाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। महिला मंथन के दौरान समाज के उत्थान, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक कुरीतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने समाज में प्रचलित उन परंपराओं पर अंकुश लगाने की आवश्यकता बताई, जो बिना किसी ठोस उद्देश्य के केवल आर्थिक बोझ बढ़ाती हैं। विशेष रूप से विवाह, मृत्यु भोज एवं अन्य सामाजिक आयोजनों में होने वाले अनावश्यक खर्चों को कम करने पर महिलाओं ने एकजुट होकर सहमति व्यक्त की। सम्मेलन में महिलाओं ने संकल्प लिया कि समाज की बेटियों को शिक्षा के अधिक अवसर दिए जाएंगे तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के प्रयास किए जाएंगे। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं के सशक्त हुए बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। महिला मंडल की सदस्यों ने सामाजिक निर्णयों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान समाज की वरिष्ठ महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और युवतियों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। महिला मंथन में यह निर्णय भी लिया गया कि भविष्य में इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से किए जाएंगे, ताकि समाज सुधार की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रह सकें। अंत में श्री भुआणा प्रांतीय गुर्जर महासभा के पदाधिकारियों ने विभिन्न ग्रामों से आई महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मेलन गुर्जर समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक मजबूत कदम सिद्ध होगा। कार्यक्रम में अनेक ग्रामों से आई गुर्जर महिला मंडल की सदस्याओं सहित लगभग तीन हजार महिलाओं ने सहभागिता की।

Views Today: 2

Total Views: 104

Leave a Reply

error: Content is protected !!