मुलताई का नाम बदलकर मुलतापी होगा : सीएम  

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-आदिवासी संग्रहालय बनाने की भी घोषणा
-नड्डा की मौजूदगी में मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण
अनोखा तीर, बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने मंगलवार को बैतूल में मेडिकल कॉलेज सहित कई विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। मुख्य कार्यक्रम पुलिस ग्राउंड में आयोजित हुआ। दोनों नेता कोठी बाजार स्थित न्यू बैतूल स्कूल ग्राउंड के हेलीपैड से सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कंेद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वागत किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने संबोधन के दौरान मुलताई का नाम बदलकर मुलतापी करने की घोषणा की। साथ ही बैतूल में आदिवासी संग्रहालय बनाने, गुड क्लस्टर, वुडन क्लस्टर, कोसमी और मोहि औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार करने का भी ऐलान किया। कार्यक्रम के दौरान सम्मान समारोह और हितलाभ वितरण किया गया। इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं का देशभर में विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि बैतूल में बनने वाला यह मेडिकल कॉलेज न सिर्फ जिले बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र बनेगा।
विभागीय प्रदर्शनी, स्टाल्स का अवलोकन
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री ने पुलिस ग्राउंड में आयोजित विभागीय प्रदर्शनी एवं स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र द्वारा लगाए गए स्टॉल में स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी ली। क्राफ्ट विलेज टिगरिया के भरेवा हैंडीक्राफ्ट स्टॉल पर पारंपरिक कला को देखकर केंद्रीय मंत्री ने शिल्पकार बलदेव वाघमारे की सराहना की और भरेवा कला की निर्माण प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त की। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में अतिथियों ने ज्वार, बाजरा, रागी और कुटकी जैसे मोटे अनाजों से बने पौष्टिक व्यंजनों का स्वाद लिया। कृषि विभाग द्वारा गन्ना उत्पादन बढ़ाने की नई तकनीकों और चिप बड से विकसित पौधों का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। अतिथियों ने उद्यानिकी, वन और स्वास्थ्य विभाग के स्टॉलों के साथ-साथ प्रदेश सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। बाद में उन्होंने प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के थ्री-डी मॉडल को देखकर परियोजना की रूपरेखा जानी। इस दौरान उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा व बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगाबाई उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैतूल में 15 युका कार्यकर्ताओं को हिरासत में
भूमिपूजन से पहले 15 युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए गया। वहीं, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में ज्ञापन देने बैतूल आ रहा जयस के करीब आधा दर्जन कार्यकर्ताओं को पुलिस ने खेड़ी में रोककर उन्हें पुलिस चौकी में बैठा लिया। टीआई नीरज पाल ने बताया कि वे अपनी मांगे नहीं बता रहे थे। वे कार्यक्रम में व्यवधान न उत्पन्न करें इसलिए उन्हें खेड़ी में हिरासत में लेकर रोके रखा गया है।

Views Today: 2

Total Views: 114

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!