खुशियों की दास्तां’घर बैठे भरपूर स्वच्छ जल मिलने से रूपी परेटिया के ग्रामीणजन हुए खुश  

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। हरदा ब्लॉक की ग्राम पंचायत रन्हाईकला के ग्राम रूपीपरेटिया के ग्रामीणजन अब बहुत खुश हैं, क्योंकि उनके गांव के हर-घर में नल से जल जो मिलने लगा है। गांव की महिलाएं पानी की शुद्धता का परीक्षण करना सीख गई हैं, और ग्रामीण जन प्रतिमाह 100 रुपए नल जल योजना के संधारण के लिए नियमित रूप से जमा भी करते हैं। स्थानीय ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि उनके घर पर्याप्त पानी आता है इसलिए वह हर माह 100 रुपए देने को हमेशा तैयार रहती हैं। शनिवार को जब गांव में पीएचई विभाग के सचिव पी नरहरि पहुंचे, तो स्थानीय ग्रामीण महिलाओं ने खुशी- खुशी उन्हें बताया कि गांव में अब पानी की कोई कमी नहीं है, और शुद्ध पानी मिलने से अब गांव में पहले की तरह डायरिया और पीलिया जैसे बीमारियां भी नहीं होती हैं। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि इस वर्ष जनवरी माह से गांव में नल जल योजना शुरू हो गई थी, और अप्रैल माह से सभी 125 परिवार नियमित रूप से 100 रुपए हर महीने जमा करने लगे हैं। यदि कोई ग्रामीण किसी माह राशि जमा नहीं कर पाता है तो वह अगले महीने राशि जमा कर देता है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल योजना में कोई भी खराबी आने पर उसका सुधार कार्य इस जमा राशि से ही कर लिया जाता है। पेयजल योजना में कोई खराबी आ जाने पर, उसे सुधारने के लिए मैकेनिक गांव में ही रहता है। स्थानीय ग्रामीणों को इस संबंध में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा प्रशिक्षण दे दिया गया है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव श्री नरहरि के समक्ष गांव के अन्नपूर्णा महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं ने इस बात पर सहमति दी कि वे घर घर जाकर नलजल योजना के 100 रुपए प्रतिमाह का अंशदान जमा कराएंगी। पीएचई विभाग के अधिकारियों ने इस अवसर पर बताया कि जमा राशि में से लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा स्व सहायता समूह की महिलाओं को वापस मिलेगा, जिससे समूह की महिलाएं आर्थिक रूप से सक्षम बनेगी।

133 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!