Skip to content
Sunday, 1 November 2026
बैतूल

 मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जागरूकता सेमिनार संपन्न

3 min read
Text Size:

बैतूल:- राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय के नवीन भवन में गुरुवार को मानसिक समस्या से ग्रस्त व्यक्ति के देखभाल कर्ताओं हेतु जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। इस दौरान शिविर में 43 मरीज की मानसिक जांच एवं स्क्रीनिंग और परामर्श दिया गया।

प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.जगदीश घोरे ने बताया कि इस वर्ष की थीम कार्य स्थल में मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का समय है। डॉ.घोरे ने बताया कि आज के समय में हम कार्यक्षेत्र में मानसिक तनाव में कार्य करते हैं, जिससे शारीरिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर होने का जोखिम रहता है। ऑफिस में काम करने वाले लोगों में मानसिक स्वास्थ्य विकारों के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं और इसी वजह से आत्महत्या के मामले भी सामने आ रहे हैं। हमें अपने और अपने परिवार के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिये उचित जीवन शैली को व्यवहार में लागू करना चाहिये।

मानसिक रोगों के लक्षण एवं उपचार की दी जानकारी

नोडल अधिकारी डॉ.संजय खातरकर ने मानसिक रोगों के लक्षण एवं उपचार के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि तनाव, उदासी, घबराहट, चिंता, क्रोध, चिड़चिड़ापन, लोगों के साथ मिलने जुलने में कमी आदि मानसिक रोग के लक्षण है। ऐसी स्थिति में रोगी शराब, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट आदि का सहारा लेते हैं। इससे स्थिति दिनों दिन बिगड़ती चली जाती है। ऐसे मानसिक रोगी जिला चिकित्सालय के मनकक्ष में आकर इलाज कर सकते हैं। ऐसे रोगी टेली मानस टोल फ्री नंबर 14416 व 18008914416 पर 24 घंटे कॉल कर मानसिक एवं भावनात्मक समस्या का समाधान ले सकते हैं।

छात्राओं ने नाटक का किया मंचन

जागरूकता सेमिनार में ओम आयुर्वेदिक कॉलेज एवं हॉस्पिटल भारत भारती जामठी के छात्र-छात्राओं द्वारा नाटक के माध्यम से मानसिक रूप से ग्रसित होने पर एक विद्यार्थी, परिवार में पत्नी एवं घर से बाहर कार्य कर रही महिला जो कि मानसिक रूप से ग्रसित है के प्रति घर वालों एवं बाहर वालों के असहयोगात्मक व्यवहार की प्रस्तुति की गई। साथ ही यह बताया गया कि मानसिक रूप से ग्रसित लोगों से बातचीत करें। उन्हें लोगों के सहयोगात्मक व्यवहार की अत्यंत आवश्यकता है। इस दौरान सभी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। सेमिनार में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.रेणुका गोहिया, आरएमओ डॉ.रूपेश पदमाकर, डॉ.वीरेन्द्र शाह प्राचार्य, डॉ.संदीप पाटिल ओम आयुर्वेदिक कॉलेज, उप जिला मीडिया अधिकारी महेशराम गुबरेले, प्रभारी परिवार कल्याण शाखा भगत सिंह उइके, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट मनकक्ष सुश्री ममता सोने, नर्सिंग ऑफिसर, सुश्री सुलोचना पवार एवं ओम आयुर्वेदिक कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रही।

354 Views
What do you think?

Leave a Reply