Skip to content
Thursday, 29 October 2026
हरदा

कांग्रेस ने किया धरना प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

4 min read
Text Size:


अनोखा तीर, हरदा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जिले के हरदा, खिरकिया और टिमरनी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के द्वारा भाजपा सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। इसी तारतम्य में हरदा ब्लॉक कांग्रेस द्वारा स्थानीय नारायण टाकिज चौक पर धरना प्रदर्शन कर प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरा। महामहिम राज्यपाल के नाम का ज्ञापन हरदा तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में बताया कि मध्यप्रदेश की वर्तमान स्थिति से प्रदेश के संवैधानिक मुखिया होने के नाते आप भली प्रकार अवगत है। प्रदेश की सत्तारूढ़ भाजपा सरकार घोटाले, भ्रष्टाचार, जन विरोधी, किसान विरोधी एवं बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिलाओं, बालिकाओं के साथ दुराचार, अजा, अजजा, अल्पसंख्यक वर्गों पर अत्याचार आदि मुद्दों पर पूर्णत: निष्क्रिय रही है। पूरे प्रदेश में त्राहि-त्राहि की स्थिति बनी हुई है, इन सभी समस्याओं की और ध्यान आकर्षित करने के लिए आज 4 सितम्बर को कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में ब्लाक स्तर पर धरना-प्रदर्शन कर रही है, और इस ज्ञापन के माध्यम से समुचित कार्यवाही करने का आग्रह करती है। भारी वर्षा, खाद बीज की कमी से किसानों की फसले खासतौर पर सोयाबीन, उडद, धान एवं अन्य दलहन खराब हो गई है और किसान इस समय भारी आर्थिक परेशानी से जूझ रहा है। सरकार द्वारा उनकी फसलों को 10 वर्ष पुराने भाव में आज भी खरीद रही है, किसानों को भारी भरकम बिजली के बिल दिए गए है, बिलों को जमा न करने पर उनके मीटर काटने से लेकर उनकी मोटर पम्प जब्त करने की कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश में खस्ता हाल सड़के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है, पूरे प्रदेश में सड़को के खस्ता हाल, गड्डे होने से दुर्घटनाओं में वृद्धि हो रही है, जिससे कई लोगों की जान जा रही है, सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य में करोड़ों का भ्रष्टाचार हो रहा है। प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के चलते महिलाओं, अबोध बालिकाओं से दुराचार की घटनाएं प्रत्येक जिले में बढ़ रही है। सरकार द्वेषपूर्ण कार्यवाही कर लोगों के मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर रही है। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि किसानों की बर्बाद फसलों का उचित मुआवजा, उनकी फसलों को बढ़ी दरों पर खरीदने, सरकार द्वारा बिजली के दरों में की गई बेतहाशा वृद्धि को कम करने, बिगड़ती कानून व्यवस्था के चलते, महिलाओं, अबोध बालिकाओं पर लगातार बढ़ रहे दुराचार की घटनाओं को रोकने, अजा, अजजा एवं अल्पसंख्यक वर्गों पर हो रहे अत्याचार को तत्काल रोकने आदि सभी मुद्दों पर उचित कार्यवाही करने हेतु राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश दे। इस दौरान अपने संबोधन जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओम पटेल ने कहा कि प्रदेश में हर तरफ हाहाकार मचा हुआ हैं। महिलाओं पर अत्याचार, किसानो के साथ दुराचार और बेरोजगारों के साथ अन्याय मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार कर रही हैं। किसान सोयाबीन के दाम 6000 रुपए करने के लिए प्रत्येक ग्रामों से आवेदन दे रहे हैं लेकिन सरकार के कान में जूं तक नहीं रेंग रही हैं किसानो की आय दोगुनी करने वालो ने किसान की लागत दोगुनी कर दी हैं।
विधायक डॉ रामकिशोर दोगने ने बताया कि सरकार कर्जे का सहारा लेकर चल रही हैं। कोई उचित नीतियां नही है जो भी नीतियां बनाई जाती है वह भ्रष्टाचार को भेंट चढ़ जाती हैं। आज प्रदेश की हालत जनता के सामने हैं कही कोई विकास नहीं नजर आ रहा है। किसानो को धोखा देने का काम भाजपा सरकार ने किया महिलाओं, गरीबों पर आए दिन जुल्म हो रहें है कानून व्यवस्था लाचार हैं । मध्यप्रदेश के विकास को गर्त में डालने का काम प्रदेश की भाजपा सरकार कर रही हैं। इस दौरान दिनेश यादव, राहुल पटेल, अमर रोचलानी, राजेश पटेल, सुरेन्द्र सराफ़, राकेश सुरमा, संजय अग्रवाल, मुन्ना पटेल, धर्मेन्द्र चौहान, रमेश सोनकर, अजय सिंह राजपूत, योगेश चौहान, दीपक वशिष्ठ, अक्षय उपरित, संदीप गौर, जावेद पटेल, महेश राठौर, सुनील गीते, नितिन पाल, इकबाल खान, शाहरुख खान, श्यामलाल गंगवाल, पूनम यादव सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

143 Views
What do you think?

Leave a Reply