युवक की गोली मारकर हत्या

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, देवास। शहर में बीच चौराहे पर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इससे नाराज लोगों ने आगरा-मुंबई हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। वे आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। युवक के दोस्त ने पुलिस को बताया कि तीन आरोपियों ने गाड़ी रुकवाई। उसके बाद पिस्टल से फायर कर भाग गए। घटना जवाहर नगर चौराहे पर बुधवार दोपहर की है। मृतक का नाम कुणाल बैरागी है। वह संस्था राम-राम के सदस्य थे। संस्था के संस्थापक शैलेंद्र सिंह पवार ने कहा कि हमने पहले ही पुलिस को जानकारी दे दी थी कि कुछ लोग इस प्रकार की प्लानिंग कर रहे हैं, लेकिन इन्होंने (पुलिस) ध्यान नहीं दिया। घटना से नाराज संस्था के सदस्यों ने एमजी अस्पताल चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया था। इससे एबी रोड के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन चला। प्रशासन की समझाइश के बाद वे माने। इस दौरान वहां पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस के मुताबिक पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या की आशंका है। एएसपी जयवीर भदोरिया ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। परिजन आक्रोशित थे, उन्हें समझाइश देकर अस्पताल भेजा है। जांच चल रही है। संस्था राम-राम से जुड़े लोगों का कहना है कि मृतक के दो भाई हैं। वह लंबे समय से संस्था से जुड़ा था। गौ सेवक होने के साथ ही वह टोल पर काम किया करता था। अधिकांश समय संस्था राम-राम के संस्थापक शैलेंद्र सिंह पवार के साथ ही रहता था। घटना के समय भी वह उनके साथ ही था। मामले में पवार का कहना है कि हमलावरों के निशाने पर मैं था।


तीन आरोपियों पर मामला दर्ज
फरियादी आनंद मनसारे की रिपोर्ट पर पुलिस ने अमरेश प्रसाद, भावेश झाला, शिव रघुवंशी बना उर्फ कृष्ण पाल सिंह निवासी देवास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, 3 (5) के तहत केस दर्ज किया है। आनंद मनसारे ने पुलिस को बताया कि मैं कॉलेज का छात्र हूं। मैं प्रॉपर्टी का काम भी करता हूं। बुधवार सुबह दोस्त कुणाल बैरागी के भाई कपिल बैरागी से मिलने जिला जेल देवास गया था। कपिल बैरागी जेल में विचाराधीन कैदी है। संस्था के संस्थापक शैलेंद्र पंवार की स्कर्पियों से आकाश, पंकज, चेतन, कुणाल, शेखर, लाखन और शुभम मेरे साथ गए थे। हम सभी संस्था राम-राम में उनके साथ काम करते हैं। कपिल बैरागी से मुलाकात करने मैं, शेखर, शुभम और संदीप जेल के अंदर गए। संदीप, कपिल से करीब 12.15 बजे फोन के जरिए मुलाकात कर रहा था। तभी राहुल पवार निवासी रालामंडल कपिल के साइड में आकर खड़ा हो गया। वह संदीप और कपिल को घूर रहा था। राहुल भी जेल के अंदर सजा भुगत रहा है। राहुल ने कपिल के साइड वाले फोन को किसी से छीना और मुझे बात करने का इशारा किया। मैंने लैंडलाइन फोन कान में लगाया तो वह गाली देने के साथ ही धमकाने लगा। राहुल ने कहा- तुम लोग बाहर तो निकलो, तुमको मरवा देंगे। बहुत संस्था राम-राम करते हो। राहुल के कुछ लोग जेल में खड़े हुए थे। राहुल ने उसने कहा- जब ये बाहर निकलें तो इनको चेक कर लेना। हम वहां से निकलकर स्कार्पियों से जवाहर नगर होते हुए चीकू उर्फ कुणाल बैरागी के घर मल्हार की ओर रवाना हुए। करीब 12.50 बजे हम गाड़ी से आठ लोग जवाहर नगर से निकल रहे थे, तभी जवाहर नगर चौराहे पर अमरेश प्रसाद घर के पास मेन रोड पर भावेश झाला, शिव रघुवंशी, टीम बना उर्फ कृष्णपाल सिंह के साथ खड़ा नजर आया। अमरेश प्रसाद ने हाथ देकर गाड़ी रोकने का इशारा किया, इस पर शुभम ने गाड़ी रोक दी। शुभम की बाजू वाली सीट पर कुणाल बैरागी बैठा था। कुणाल उसने बात करने कार से उतरा, उसके पीछे हम उतर ही रहे थे कि अमरेश प्रसाद ने कुणाल को सीने पर पिस्टल अड़ाकर गोली मार दी और भाग निकला। भागते हुए भी उसने हवाई फायर किए। कुणाल को घायल अवस्था में अपेक्स हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां करीब 20 मिनट बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुणाल को शैलेंद्र के कारण अमरेश प्रसाद ने गोली मारी है। इस घटना से डेढ़ माह पहले अमरेश प्रसाद के घर पर राहुल हाथी पाला, उसका भाई लोकेंद्र, राहुल पंवार, भावेश और लाला आपस में मिलकर शैलेन्द्र की हत्या का षड़यंत्र कर रहे थे। उसी कारण से कुणाल बैरागी की हत्या अमरेश प्रसाद ने की है।

Views Today: 2

Total Views: 300

Leave a Reply

error: Content is protected !!