हनुमानडोल के पास बाघ की मूवमेंट से मचा हड़कंप

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, बैतूल। सतपुड़ा रिजर्व टाइगर के अंतर्गत आने वाले बैतूल रेंज के चिखलार और रानीपुर रेंज में वन्य प्राणियों की आहट कोई नई बात नहीं है। अलबत्ता बाघ की मूवमेंट अचानक किसी को दिखे तो हैरत रहना स्वभाविक है। पिछले दिनों एक बार फिर हनुमानडोल के पास एक बाघ के दिखने से हड़कंप मच गया है। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो बाघ ने उनके सामने सड़क पार की है। संभवत: वह सड़क की दूसरी ओर शिकार करने के बाद जंगल की ओर लौट रहा था। सारणी से कार से बैतूल आ रहे चार युवकों ने बताया कि रात 8.30 बजे हनुमानडोल मंदिर के पहले पुलिया के सामने से एक बाघ तेज गति से छलांग लगाता हुआ सड़क पार कर गया। युवकों ने बताया कि यह घटनाक्रम इतने अचानक हुआ कि फोटो तक लेने का मौका नहीं मिला, लेकिन कार यदि और तेज होती तो बाघ के टकराने से भी इंकार नहीं किया जा सकता। बाघ दिखाई देने के बाद युवकों की हालत भी पतली हो गई और तेज गति से कार लेकर सीधे बैतूल पहुंच गए। यह घटनाक्रम उन्होंने अपने परिचितों को बताया तो वे भी हैरत में पड़ गए। उल्लेखनीय है कि यह क्षेत्र सतपुड़ा रिजर्व टाइगर के अंतर्गत जुड़ा हुआ है। यहां पहले भी बाघ की कई बार दस्तक हो चुकी है। वन विभाग पूर्व में भी कई बार मुनादी करा चुका है, लेकिन इस रास्ते से पूरी रात वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। यदि दोपहिया वाहन चालक से बाघ का सामना हो जाता तो कोई अनहोनी घटना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। इस संबंध में उत्तर वन मंडल के डीएफओ वरूण यादव को उनके मोबाइल पर कई बार काल किया, लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किया।

262 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!