दोहरे हत्याकांड के आरोपियों के अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

 

अनोखा तीर, हरदा। बीते बुधवार को रन्हाई रोड पर लकड़ियों से पीट पीटकर की गई दो लोगों की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है। शुक्रवार को पुलिस, नगर पालिका एवं राजस्व विभाग की टीम ने हत्या के आरोपी यूनुस के द्वारा सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि आरोपी यूनुस ने सड़क किनारे अतिक्रमण कर यहां बनाई गई झोपड़ी से मादक पदार्थों की बिक्री का खुलेआम कारोबार किया जाता था। नगर पालिका के प्रभारी आरआई श्रीकांत बंसल ने बताया कि पुलिस से मिले प्रतिवेदन के आधार पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। गौरतलब रहे कि शराब की पार्टी कर रहे पांचों आरोपियों ने रन्हाई से हरदा आ रहे बाइक सवार शैतान सिंह कोरकू एवं सईद शाह की बुधवार सुबह पीट पीटकर हत्या कर दी थी। जिसमें शैतान सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। वहीं सईद शाह को मारपीट करने वाले आरोपियों ने ही जिला अस्पताल भिजवाया था। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। सम्भवत: शनिवार शाम को पुलिस दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर सकती है।

172 Views

Leave a Reply