अनोखा तीर, बैतूल। परिवार के विरोध के बाद प्रेम विवाह करने वाले नवयुगल को लड़की के परिजनों ने जमकर पीटा और युवक को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी। कोतवाली थाना क्षेत्र के किला खण्डारा गांव की एक युवती से बैतूल के एक युवक ने प्रेम विवाह किया था। इन दोनों के प्रेम विवाह से लड़की के परिजन इतने नाराज हुए कि मंगलवार की रात दोनों को गौठाना स्थित उनके घर से उठाकर किला खण्डारा ले गए और दोनों के साथ जमकर मारपीट की। इस घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को मिली। पुलिस भी किला खण्डारा पहुंची। जिसकी सूचना मिलने पर परिजनों ने युवक और युवती को जिला अस्पताल पहुंचा दिया। युवक की हालत गंभीर होने पर परिजनों ने बताया कि घायल युवक कालेज के पास पड़ा मिला था। कोतवाली टीआई देवकरण डहेरिया ने बताया कि प्रेम विवाह को लेकर लड़की के परिजनों ने दोनों के साथ जमकर मारपीट की। जिसमें युवक की हालत गंभीर है और युवती को भी चोट लगी है। इस मामले में पुलिस ने लड़की के पिता, मां और मामा के अलावा अन्य के खिलाफ धारा 365, 294, 323, 452, 506, 34 का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Views Today: 2
Total Views: 106

