हवन-पूजन के साथ भंडारे का हुआ आयोजन
अनोखा तीर, हरदा। शहर के खंडवा बायपास स्थित सिविल लाइन थाने के पास माँ रेवा सिलिकॉन सिटी में उस वक्त भक्ति की बयार बह उठी, जब मॉ राजराजेश्वरी के जयकारों से पूरा इलाका गूंजायमान हो गया। इस मौके पर कालोनी में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। दरअसल, मॉ रेवा सिलिकॉन सिटी में विगत पांच दिनों से मॉ राजराजेश्वरी का प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव चल रहा था। इसी कड़ी में पांचवें दिन यानि शनिवार 27 जनवरी को पंडित विवेक मिश्र तथ उज्जैन से पधारे पं अमित शास्त्री एवं उनके शिष्यों के वैदिक सानिध्य में मुख्य यजमानोंं ने हवन-पूजन किया। इस अवसर पर मंत्रोच्चार के बीच हवन कुंड में हजारों आहुतियां भी छोड़ी गई। जिससे आसपास का वातावरण भक्तिमय हो गया। इस मौके पर कालोनीवासियों समेत अन्य धर्मप्रेमीजन अनुष्ठान के साक्षी बने। प्राप्त जानकारी के अनुसार कॉलोनी में मॉ राजराजेश्वरी का भव्य एवं सुंदर दरबार का निर्माण किया है। जहां मातारानी की आकर्षक एवं मनभावन प्रतिमा की विधिपूर्वक स्थापना की है। इसी क्रम में 23 जनवरी से धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रथम दिवस कन्याओं ने कलश यात्रा निकाली। इसके बाद प्रतिमा की स्थापना पूजा की। इस बीच भजन-कीर्तन एवं सुंदरकांड व हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। वहीं अंतिम दिन 27 जनवरी को हवन-पूजन कर महाआरती की। इससे पहले भक्तों ने मॉ राजराजेश्वरी के समक्ष 56 व्यंजनों का भोग भी लगाया गया। अनुष्ठान में मुख्य रूप से राकेश शर्मा , मोहित अग्रवाल, नितेश बादर, उत्तम तेनगुरिया समेत स्थानीय रहवासियों का सक्रिय सहयोग रहा। इधर, रविवार को मातारानी की भंडारा प्रसादी का आयोजन हुआ, जो दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होकर शाम तक चलता रहा। इस बीच दिनभर प्रसाद ग्रहण करने का सिलसिला जारी रहा।

