जेके अस्पताल, चार बड़ी कालोनियां कलियासोत नदी के ‘दायरे’ में, नगर निगम ने 60 अतिक्रमणकारियों को थमाए नोटिस

भोपाल। कलियासोत नदी के दायरे में जेके अस्पताल, चार बड़ी कालोनी सहित 60 से अधिक अवैध कब्जे मिले हैं। इन अवैध निर्माण करने वालों को नगर निगम द्वारा नोटिस देकर 31 दिसंबर तक का समय दिया गया है। इसके बाद एक जनवरी से नगर निगम और प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन को एनजीटी में 15 जनवरी तक समग्र रिपोर्ट तैयार कर पेश करना है। बता दें कि एनजीटी के आदेश पर जिला प्रशासन की राजस्व टीम ने कलियासोत नदी के 33 मीटर दायरे का सीमांकन शुरू किया था, जो कि पूरा कर लिया गया है।

खेती भी की जा रही

जानकारी के अनुसार राजस्व निरीक्षक राजू ठेपे, पटवारी सहित अपनी टीम के साथ शुक्रवार को समरधा कलियासोत में सीमांकन की कार्रवाई शुरू की। यह कार्रवाई लगभग दो घंटे तक चली और सीमांकन पूरा कर लिया गया। इस दौरान टीम को नदी का दायरा तय करने के लिए पैदल -पैदल ही भ्रमण करना पड़ा। दरअसल इस क्षेत्र में वाहन ले जाना मुश्किल था। सीमांकन के दौरान अवैध निर्माण, नदी में कब्जा कर खेती किया जाना पाया गया है।

कार्रवाई से लोगों में हड़कंप
सीमांकन कार्रवाई के दौरान नगर निगम द्वारा लाल निशान लगाने की कार्रवाई की गई है। इससे यहां कब्जा करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया है। अवैध निर्माण और कब्जा करने वाले निगम की भवन अनुज्ञा शाखा से लेकर तहसील कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। दरअसल निर्माण के लिए यदि उनको अनुमति मिली होगी तो वह यहीं से जारी हुई होगी। अब ऐसे में जब दायरे में उनका निर्माण आ गया तो उनकी चिंता बढ़ गई है।
डेम के आसपास भी मिले थे कई अवैध निर्माण
एनजीटी के आदेश पर कलियासोत और केरवा डेम के 33 मीटर दायरे का सीमांकन कराया गया था। कलियासोत डेम के आसपास सबसे ज्यादा 58 झुग्गियां मिली थीं। 15 अस्थायी डेरी, सात मंदिर, पांच रेस्त्रां, चार शेड, एक-एक समाधि, गोशाला, गेमजोन, स्कूल, मछली फार्म, मकान भी मिले थे। वहीं केरवा के 33 मीटर दायरे में 96 निर्माण मिले हैं। इनमें से 84 सरकारी और निजी जमीन पर

इस तरह अब तक हुए सीमांकन में जेके अस्पताल की बाउंड्री, चार बड़ी -बड़ी कालोनियां, क्लब हाउस, टीन शेड समेत 60 से अधिक कब्जे मिले हैं। राजस्व टीम द्वारा सीमांकन में जहां नदी में कब्जा बताया गया वहां पर नगर निगम की टीम ने लाल निशान लगाने के साथ ही पक्की मुनारे लगाने का भी काम किया है। इसी कार्रवाई के दौरान निगम के द्वारा कुल 60 अतिक्रमणकारियों को नोटिस देकर समय दिया गया है।

कोलार, मंडीदीप में सबसे अधिक कब्जे
राजस्व और निगम की टीमों ने कलियासोत नदी के 33 मीटर दायरे का सीमांकन बावड़िया, बिलखिरिया, गुराड़ी घाट, नरेला हनुमत, समरधा कलियासोत, दामखेड़ा, सनखेड़ी से लेकर समरधा और मंडीदीप तक किया है।बताया जा रहा है कि कोलार क्षेत्र में कलियासोत नदी के अंदर और मंडीदीप तरफ से बड़े -बड़े अतिक्रमण मिले हैं।

181 Views

Leave a Reply