वरिष्ठ कांग्रेस नेता ए. रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

नई दिल्ली- वरिष्ठ कांग्रेस नेता ए रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। रेड्डी को हैदराबाद के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में एक समारोह में तेलंगाना के राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन ने पद की शपथ दिलाई। वह तेलंगाना के दूसरे मुख्यमंत्री बने।

रेड्डी के अलावा उनके मंत्रिमंडल के 11 सदस्यों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इसमें उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले मल्लू भट्टी विक्रमरका और तेलंगाना कांग्रेस के पूर्व प्रमुख एन. उत्तम कुमार रेड्डी शामिल हैं।

मंत्रिमंडल की शपथ लेने वाले आठ अन्य मंत्रियों में- श्रीधर बाबू, पोन्नम प्रभाकर, कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी, दामोदर राजनरसिम्हा, पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी, दाना अनसूया, तुम्मला नागेश्वर राव, कोंडा सुरेखा और जुपल्ली कृष्ण राव शामिल हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहे।

नवगठित तेलंगाना सरकार छह में से दो गारंटियों को लागू करेगी। यह निर्णय राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की पहली बैठक में लिया गया। बैठक के बाद मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने पत्रकारों को बताया कि राज्य के स्वामित्व वाली सड़क परिवहन निगम की बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा और राजीव आरोग्यश्री स्वास्थ्य बीमा राशि को 10 लाख रुपये तक बढ़ाने से संबंधित गारंटी कल से लागू की जाएगी।

उन्होंने कहा कि शेष गारंटी को लागू करने के लिए सरकार संबंधित विभागों से आंकडे लेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार एक सौ दिनों में सभी छह गारंटी लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि कैबिनेट ने राज्य के वित्त पर भी चर्चा की और अधिकारियों को 2014 से 2023 तक सभी विभागों के लिए आवंटन और व्यय का विवरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा कि लोगों को विवरण की जानकारी देने के लिए राज्य के वित्त पर एक श्वेत पत्र जारी किया जाएगा।

Views Today: 2

Total Views: 136

Leave a Reply

error: Content is protected !!