Skip to content
Friday, 30 October 2026
भोपाल

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने मतगणना की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर्स के साथ की बैठक

2 min read
Text Size:

भोपाल- मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन 2023 की 3 दिसंबर को होने वाली मतगणना के संबंध में जिलों की गई तैयारियों को लेकर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक की। निर्वाचन सदन भोपाल से वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन द्वारा सभी कलेक्टर्स एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

अनुपम राजन ने कहा कि सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मतगणना को लेकर आयोग द्वारा दिए गए निर्देश का अध्ययन कर लें और गंभीरता के साथ नियमों का पालन करें। राजनीतिक दलों को भी मतगणना की प्रक्रिया के बारे में अवगत कराएं। साथ ही ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम पुख्ता रहे। बैठक में अनुपम राजन ने पूरी पारदर्शिता के साथ मतगणना की प्रक्रिया को पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

मतगणना की तैयारी संबंधी समीक्षा बैठक में अनुपम राजन ने कहा कि सभी 52 जिलों के मतगणना केंद्रों पर सुबह 8 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी। सबसे पहले डाक मतों की गिनती शुरू होगी। इसके आधे घंटे बाद ईवीएम में दर्ज मतों की गणना प्रारंभ होगी। पोस्टल बैलेट की गणना शुरू होने से पहले अधिकृत एजेंट, उम्मीदवार को पोस्टल बैलेट के काउंटिंग प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही पोस्टल बैलेट की गणना समाप्त होने के बाद प्रत्येक उम्मीदवार को मिले डाक मत पत्रों की घोषणा की जाएगी।

अनुपम राजन ने कहा कि मतगणना के दौरान बिजली की व्यवस्था सुचारू रूप से रहे यह सुनिश्चित कर लिया जाए। डाक मत पत्रों की गणना के लिये लगाए गये प्रत्येक टेबल पर एक एआरओ की उपस्थिति होगी।

आगामी 3 दिसंबर को होने वाली मतगणना को लेकर अनुपम राजन ने स्ट्रांग रूम से आने वाली ईवीएम मशीनों की क्रासिंग न होने, एजेंटों को रंगीन आई कार्ड जारी करने, एजेंटों की बैठक व्यवस्था करने और ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्ट्रांग रूम के बाहर लगाई गई स्क्रीन हर समय चालू रहने के निर्देश दिए।

अनुपम राजन ने कहा कि काउंटिंग हॉल में कोई भी एजेंट, प्रत्याशी मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। मोबाइल फोन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कुमार कौल, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राकेश सिंह, बसंत कुर्रे, रुचिका चौहान, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद कुमार शुक्ला, सुरभि तिवारी उपस्थित थीं।

237 Views
What do you think?

Leave a Reply