जबलपुर- सर्द सीजन में भी रोजाना आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। फिर नया मोहल्ला में अग्निहादसा सामने आया है। यहां एक सूने मकान ऐसी आग लगी कि घर में रखा गृहस्थी का पूरा सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने के दौरान मकान में कोई नहीं था लिहाजा आग तेजी से भड़की, आग की उठती लपटें देख आस-पास रहने वालों में भी हड़कंप मचा रहा। क्षेत्रीय जनों की सूचना पाकर पहुंचे नगर निगम के दमकल अमले ने पानी की बौछार कर आग तो बुझा दी लेकिन तब तक सबकुछ जलकर राख हो चुका था।
आग लगने की सूचना मिली थी
नगर निगम के दमकल शाखा के मुताबिक नया मोहल्ला स्थित हैदर हयात खान के मकान में तड़के आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दो दमकल वाहन रवाना किए गए। करीब घंटे भर की मशक्कत के बाद आग पर तो काबू पा लिया गया लेकिन तेजी से भड़की आग से सब कुछ जल चुका था। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। आग से लाखों रुपये के नुकसान की संभावना है।
मायके गए थे बीबी-बच्चे
क्षेत्रीय जनों के मुताबिक जिस दौरान मकान में आग लगी उस समय घर पर कोई नहीं था। हैदर हयात खान के बच्चे मायके गए हुए थे इसलिए आग तेजी से फैली। जब वे सूचना पाकर पहुंचे तो देखा पूरा मकान आग से जल चुका था।
नवंबर माह में 36 घटनाएं हो चुकीं
नवंबर माह में आग लगने की रोजाना घटनाएं सामने आ रही है। नगर निगम के मुताबिक एक माह में आग लगने की 36 घटनाएं दर्ज की गई है। विदित हो कि कुछ दिन पूर्व गलगला झूलेलाल मंदिर के पास स्थित प्लास्टिक के गोदाम और फिर गुरंदी की सात दुकानों में भीषण लग गई थी। इसके बाद सिविल लाइन स्थित अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल, गत दिवस शीतलामाई स्थित फर्नीचर के गोदाम में आग लगने की घटना सामने आ चुकी है।

