Skip to content
Wednesday, 4 November 2026
भोपाल मध्य प्रदेश

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने वीडियो कांफ्रेंस से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को 17 नवंबर को मतदान की तैयारियों के दिये आवश्यक निर्देश

2 min read
Text Size:

भोपाल- मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने प्रदेश के सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर विधानसभा निर्वाचन- 2023 में 17 नवंबर को होने वाले मतदान को लेकर जिलों में की जा रही तैयारियों के संबंध में विस्तृत चर्चा की। साथ ही सभी जिलों में मतदाताओं को बीएलओ द्वारा वितरित की जा रही मतदाता सूचना पर्ची एवं वोटर गाइड वितरण की समीक्षा की।

अनुपम राजन ने कहा कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सभी मतदान केंद्रों में विद्युत की समुचित व्यवस्था हो, ताकि मतदान कराने और मतदान के पश्चात की सभी प्रक्रियाएं निर्बाध रूप से सम्पन्न हो सकें। मेडिकल किट भी उपलब्ध रहे यह पहले ही सुनिश्चित कर लिया जाए। चुनाव प्रचार प्रदेश में एवं बालाघाट, मंडला और डिंडोरी जिले में दोपहर 3 बजे बंद हो चुका है।

अनुपम राजन ने निर्देशित किया कि राजनीतिक प्रचार समाप्त हो जाने के पश्चात भी एफएसटी, एसएसटी, क्यूआरटी व पुलिस निगरानी दल पूरी सक्रियता के साथ अपनी कार्यवाही जारी रखें।

होटल, लॉज, धर्मशाला, सराय, रेस्ट हाउस और सर्किट हाउस की सघन जांच कराएं

अनुपम राजन ने कहा कि यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि प्रचार थमते ही प्रचार के लिए विधानसभा क्षेत्रों में रुके राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े बाहरी व्यक्ति विधानसभा क्षेत्र से बाहर चले जाएं। साथ ही सभी होटल, लॉज, धर्मशाला, सराय, रेस्ट हाउस और सर्किट हाउस की सघनता से जाँच करा ली जाएं और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े बाहरी व्यक्तियों को क्षेत्र छोड़ने के लिये निर्देशित करें। मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व से शुष्क दिवस रहेगा। सभी जिला निर्वाचन अधिकारी इस प्रावधान का सख्ती से पालन कराएं।

अनुपम राजन ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिये स्वीप गतिविधियां बढ़ाने और हर मतदाता वोट करने मतदान केन्द्र तक आएं ऐसे प्रयास करने के निर्देश दिए।

अनुपम राजन ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और प्रभावी निर्वाचन सम्पन्न कराने के लिये सभी जिला निर्वाचन अधिकारी सदैव सम्पर्क में रहें। स्थानीय मीडिया से सतत् संवाद बनायें रखे और जानकारियों का तेजी से आदान-प्रदान करते रहें, ताकि गलत और भ्रामक खबरों पर तत्काल अंकुश लग सकें।

वीडियो कांफ्रेंसिंग में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कुमार कौल, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राकेश सिंह, रूचिका चौहान, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद शुक्ला उपस्थित थे।

121 Views
What do you think?

Leave a Reply