कमलनाथ ने योजनाओं पर डाल दिया था ताला – शिवराज सिंह चौहान

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

भोपाल- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सुसनेर, कोलारस, शिवपुरी, करैरा, भाण्डेर, सेंवढ़ा, डबरा, भितरवार, ग्वालियर दक्षिण और ग्वालियर पूर्व समेत 10 चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंडी गठबंधन के सहयोगी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नीतीश कुमार के विधानसभा में अमर्यादित बयान पर कहा कि, बहन-बेटियों को जो इस तरह से बेइज्जत करें, उनके सम्मान के साथ खिलवाड़ करें ऐसे व्यक्ति, मुख्यमंत्री रहने के लायक नहीं हैं, उन्हें पद छोड़ देना चाहिए, माफी मांगने से काम नहीं चलेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि हैरानी की बात तो ये है कि, नीतीश के इस बयान पर इंडी गठबंधन के किसी नेता या कांग्रेस ने कोई विरोध नहीं किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और राहुल-प्रियंका पर निशाना साधते हुए कहा कि, दोनों भाई-बहन इतने झूठे हैं कि, कोई कल्पना भी नहीं कर सकता है। प्रियंका गांधी ने तो इतिहास को भी गलत बता दिया। भगवान राम के बारे में वो जानते नहीं हैं। हमारा देश, हमारी संस्कृति, हमारे जीवन मूल्य, हमारी परंपराएं उनके बारे में उन्हें कोई जानकारी ही नहीं है। प्रियंका कह रहीं है कि, भगवान राम को 13 वर्ष का वनवास हुआ था। जबकि भारत का बच्चा-बच्चा जानता है कि, वनवास 14 वर्ष का हुआ था। पहले ये लोग भगवान राम का विरोध करते थे अब चुनाव के कारण राम नाम की दुषाला ओढ़ रहें हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कांग्रेस जो पाखंड करती हैं वह उनकी जुबान पर आ ही जाता है, मुझे तो आश्चर्य हुआ कि, प्रियंका गांधी, स्वर्गीय राजीव गांधी की पोल खोल रही थीं। उन्होंने कहा कि, राजीव गांधी ने कभी विकास किया ही नहीं वह अपने क्षेत्र अमेठी में जाते थे तो जनता उन्हें डांटती थी कि, इतने साल हो गए हैं तुमने सड़क नहीं बनवाई, स्कूल की मरम्मत नहीं करवाई, टीचर नहीं बैठाया, उन्होंने खुद यह बता दिया कि कांग्रेस का विकास से कोई लेना-देना ही नहीं है। उनके स्वर्गीय पिताजी ने भी कोई विकास नहीं किया। सीएम ने कहा कि, कांग्रेस का विकास से कभी कोई वास्ता नहीं रहा है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंडी गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि, ये इंडी गठबंधन नहीं बल्कि दलदल है। गठबंधन में कोई सनातन धर्म को गाली देता है, कोई सनातन धर्म को खत्म करने की बात करता है, कोई सनातन को डेंगू मलेरिया कहता है, अलग-अलग लोग अलग-अलग बातें करते हैं। ये लोग तो पूरे देश को तबाह और बर्बाद कर देंगे, इनमें कोई ताल-मेल और सामंजस्य नहीं है। कमलनाथ तो अखिलेश-वखिलेश जैसे शब्दों का प्रयोग करते हैं। वहीं अखिलेश यादव कहते हैं कांग्रेस से ज्यादा चालू, धोखेबाज पार्टी कोई नहीं है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, इंडी गठबंधन की स्थिति ऐसी हो गई है कि, एक दिल के टुकड़े हजार हुए, कोई इधर गिरा कोई उधर गिरा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुसनेर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस का पानी उतर गया है, उम्मीदवार भी कहीं का तस्कर ले आए। कांग्रेस, तस्करों को चुनाव लड़वा रही है, अपराधियों को चुनावी मैदान में उतारा है, इन्हें कोई शरीफ आदमी नहीं मिला। उन्होंने कहा कि, ये सुसनेर के सम्मान का सवाल है कभी किसी तस्कर और अपराधी को चुनाव मत जिताना। साथ ही मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमुदाय से कहा कि, तुम चिंता मत करना मैं सज्जनों के लिए फूल से ज्यादा कोमल और अपराधियों के लिए वज्र से ज्यादा कठोर हूं, मामा का बुलडोजर भी तैयार रहेगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कमलनाथ कभी भारत को बदनाम करते हैं, कभी मध्यप्रदेश को बदनाम करते हुए मदीरा प्रदेश कहते हैं। कई बार वो कह देते हैं कि, मध्यप्रदेश चौपट प्रदेश है। मैं पूंछना चाहता हूं कि, कमलनाथ किसका अपमान कर रहे हैं, ये मध्यप्रदेश का अपमान है, मध्यप्रदेश की साढ़े नौ करोड़ जनता का अपमान है। एक सभा के दौरान तो कमलनाथ ने हद ही पार कर दी, सांवेर की जनता को ही गद्दार कह दिया। जनता को गद्दार कहने वालों को अब जनता ही सबक सिखाएगी। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कांग्रेस धोखेबाज, बेईमान और चालू पार्टी है, इनके दोनों नेता अपने-अपने बेटों को स्थापित करने में जुटे हुए हैं। कांग्रेस को विकास से कोई लेना देना ही नहीं है। मिस्टर बंटाढार के शासनकाल में तो गड्ढों में सड़क थी या सड़क में गड्ढा पता ही नहीं चलता था। मध्यप्रदेश को अंधेरों का प्रदेश बना दिया था और कांग्रेस आगे भी कभी प्रदेश का विकास नहीं करेगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कांग्रेस ने सवा साल में एक-एक कर भाजपा सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी और इसलिए ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए। उन्होंने कहा कि, कमलनाथ का बुजुर्गों ने क्या बिगाड़ा था जो उन्होंने तीर्थ दर्शन योजना बंद कर दी। मेधावी बच्चों ने कमलनाथ का क्या बिगाड़ा था जो बच्चों के लैपटॉप बंद कर दिए। संबल योजना, आदिवासी बहनों के पैसे सभी जनहित की योजनाओं पर कमलनाथ ने ताला डाल दिया था।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि, धनतेरस के चलते इस बार लाड़ली बहनों के खातों में खुशियों की किश्त 10 तारीख की जगह 7 तारीख को ही आ गई। अब बहनें धनतेरस, दीपावली और भाई दूज पर खूब खरीदारी करेंगी, त्यौहार भी मनाएंगे और सरकार भी बनाएंगे। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कांग्रेसी शिकायत कर रहें हैं कि, मामा को रोको, लेकिन जब तक इस राशि को बढ़ाकर बहनों के खातों में 3 हजार रूपए नहीं डालूंगा मुझे चैन की नींद नहीं आएगी। वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि, लाड़ली लक्ष्मी, कन्या विवाह और लाड़ली बहनों के बाद अब लखपति दीदी बनाउंगा। हर बहन की आमदनी प्रति माह 10 हजार रूपए से ज्यादा करने का संकल्प है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है, और डबल इंजन की सरकार में हमने मध्यप्रदेश में विकास की गंगा बहाई है और मध्यप्रदेश को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि, अब मध्यप्रदेश का और बेहतर विकास कर स्वर्णिम प्रदेश बनाना है इसलिए प्रदेश में भाजपा के सभी प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जीत दिलाना है और रिकॉर्ड मतों से मध्यप्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाना है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चुनाव के मद्देनज़र प्रदेश भर में दौरा कर हर रोज 8 से 10 चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहें हैं। गुरूवार को भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा उम्मीदवारों सुसनेर में राणा विक्रम सिंह, कोलारस में महेन्द्र यादव, शिवपुरी में देवेन्द्र कुमार जैन, करैरा में रमेश खटिक, भाण्डेर में घनश्याम पिरोनिया, सेंवढ़ा में प्रदीप अग्रवाल, डबरा में इमरती देवी, भितरवार में मोहन सिंह राठौर, ग्वालियर दक्षिण में नारायण सिंह कुशवाह और ग्वालियर पूर्व में माया सिंह के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित कर जनता जनार्दन से विजयी आशीर्वाद मांगा।

Views Today: 2

Total Views: 196

Leave a Reply

error: Content is protected !!