फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ ने की आमसभा

 

अनोखा तीर, खातेगांव। भाजपा के फायर ब्रांड नेता और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खातेगांव विधानसभा भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा के समर्थन में मंगलवार को आम सभा करने खातेगांव पहुंचे। जहां उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए आगामी चुनावों में कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का संकल्प मतदाताओं को दिलाया। योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर 2 बजकर 35 मिनिट पर खातेगांव के हेलीपेड पर लैंड हुआ। जहां प्रत्याशी आशीष शर्मा सांसद रमाकांत भार्गव, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने उनका स्वागत किया। योगी 2 बजकर 45 मिनट पर सभास्थल पहुंचे। जहां प्रत्याशी आशीष शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष सारिका नरेंद्र चौधरी व बागली विधानसभा भाजपा प्रत्याशी मुरली भंवरा सहित मंचासीन अतिथियों ने पुष्प हार पहनाकर उनका स्वागत किया। जहां उन्होंने अपने उद्बोधन में करीब 25 मिनिट जनता को संबोधित किया। इसके पश्चात 3 बजकर 25 मिनिट पर सभास्थल से हेलिपैड के लिए रवाना हुए एवं 3 बजकर 35 मिनिट पर हेलीकॉप्टर से सोनकच्छ के लिए रवाना हुए।

कांग्रेस ने राम के अस्तित्व पर उठाए सवाल, मंदिर का किया विरोध

जनसभा को संबोधित करने हुए योगी आदित्य नाथ ने कहा कि कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर का लगातार विरोध करती रही। कांग्रेस के बड़े नेताओं ने प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए। अगर कांग्रेस चाहती तो 1947 में सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त हो जाता। सरदार पटेल ने जब अगुवाई की तो कांग्रेस के उस समय के नेतृत्व ने विरोध किया। जब राम मंदिर आंदोलन ने व्यापक आकर लिया तो उन्होंने शगुफा छोड़ दिया कि राम तो है ही नहीं। सर्वोच्च न्यायालय में उन्होंने एफिडेविट भी दिया। राम नहीं है, राम मिथक है, कृष्ण मिथक है।

समस्याओं को समाप्त करने ही भाजपा व मोदी आए हैं

2014 के बाद भारत में कितना परिवर्तन आया है। जहां पर विकास भी है और आस्था का सम्मान भी है। बिना भेदभाव के शासन की योजनाओं का लाभ हर गांव, हर गरीब, हर किसान, हर नौजवान, हर महिला तक पहुंचाने का संकल्प भी है और चुनोतियों से जूझने का जज्बा भी है। हम सबके सामने एक नया भारत है। आज भारत की 140 करोड़ आबादी का मान बढ़ा है। 2014 से पहले के हर एक भारतवासी अपनी पहचान का मोहताज था। जब देश के बाहर जाता था, तो उसे सम्मान नहीं मिलता था। कहीं संकट आता था तो कोई साथ खड़ा नहीं होता था। पहचान की इस समस्या की जड़ थी कांग्रेस। उन्होंने लंबे समय तक देश पर शासन किया लेकिन अपने परिवार के बारे में सोचा। कांग्रेस के भ्रष्टाचार की एक-एक परत खुलती हुई दिखाई दे रही थी। देश के बारे में सोचने की बजाए कांग्रेस के नेतृत्व की सरकारें सिर्फ एक परिवार के बारे में सोचती थी सीएम योगी ने पूछा कि आतंकवाद कहां से है? अगर आतंकवाद कश्मीर में धारा 370 से है, तो धारा 370 को ही दफन कर दो। ना रहेगा बांस, ना बजेगी बांसुरी। जब समस्या की जड़ ही समाप्त हो जाएगी। आतंकवाद की जड़ ही नहीं रहेगी, इसीलिए कश्मीर में धारा 370 ही समाप्त करो। समस्या ही समाप्त हो जाएगी 6 दिसंबर 1992 में एक विवादित ढांचें को हटाकर कर दिया था। जब ढांचा ही नहीं रहेगा तो लोग मांग क्या करेंगें। तो देखो बीजेपी तो वही कर रही है इन समस्याओं का समाधान जो कांग्रेस नहीं कर पाई। कांग्रेस ने देश के बारे में कभी नहीं सोचा सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस एक परिवार मुक्त नहीं हो सकती ये चुनाव आप सबके सामने एक बार फिर से अपने आप को पहचानने और नए भारत के बारे में अपनी प्रतिबद्धताओं को दोहराने का मौका भी है। इसमें कांग्रेस को उसी तरह समाप्त कर दिजिए जिस तरह 2014 के बाद देश की विभिन्न समस्याओं को समाप्त कर दिया इसी के लिए ही हम आए हैं।

शिवराज ने मध्यप्रदेश को बीमारू से विकसित राज्य बनाया

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज से 20 साल पहले तक मध्यप्रदेश, बिहार, उत्तरप्रदेश, राजस्थान बीमारू व पिछड़े राज्य कहलाते थे। शिवराज सिंह चौहान के शासनकाल में मध्यप्रदेश के किसानों के लिए कृषि क्षेत्र में बहुत काम हुए युवाओं को रोजगार मिले, गरीब लोगों को पक्के मकान व शौचालय मिले, मुफ्त बिजली व गैस कनेक्शन मिले। इसके अलावा और भी जनकल्याणकारी योजनाओं से मध्यप्रदेश की जनता का आर्थिक विकास हुआ। जिसके कारण मध्यप्रदेश बीमारू से विकसित राज्य बना। उत्तरप्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के पहले माफ़िया राज चलता था, हमेशा दंगे होते थे लेकिन मेरे मुख्यमंत्री बनने व भाजपा के 6 वर्ष के शासनकाल में सारे माफिया खत्म हो गए, दंगे होना बंद हो गए। उत्तरप्रदेश में सुशासन राज्य कायम हुआ। लेकिन बिहार और राजस्थान आज भी पिछड़े और बीमारू राज्य हैं क्योंकि यहां कांग्रेस की सरकार है।

प्रशासन ने किए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तेद नजर आया। केंद्र सरकार से योगी को जेड प्लस के साथ-साथ एनर्जी प्रोटेक्ट सिक्योरिटी मिली हुई है। जिसके चलते पिछले 2 दिनों से यूपी पुलिस का एक विशेष सुरक्षा दल खातेगांव पहुंच गया था। देवास जिले के अलावा आसपास के जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हेलीपैड से लगाकर सभास्थल तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। सुबह पुलिस और सुरक्षा बल ने काफिले के साथ ट्रायल रन भी किया।

Views Today: 2

Total Views: 52

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!