Skip to content
Tuesday, 3 November 2026
भोपाल मध्य प्रदेश

कमलनाथ ने मध्य प्रदेश के युवाओं को लिखा पत्र, कहा ‘इतिहास उधर मुड़ जाता है, जिस ओर जवानी चलती है’

5 min read
Text Size:

पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेश के युवाओं के नाम एक पत्र लिखा है। इसमें उन्होने बीजेपी सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, घोटालों और बेरोजगारी का आरोप लगाते हुए कहा है कि वो युवाओं के प्रति असंवेदनशील सरकार है। उन्होने युवाओं से कहा कि मेरा उद्देश्य हमेशा से रोजगार मूलक शिक्षा को बढ़ावा देकर एवं प्रदेश की पहचान उद्योगों के हब के रूप में स्थापित कर रोजगार के अवसरों को बढ़ाना रहा है और अब मैं प्रदेश के युवाओं के रोजगार के लिये यह सब करना चाहता हूँ। इसी के साथ कमलनाथ ने युवाओं से कांग्रेस का साथ देने का आह्वान किया है।

कमलनाथ का पत्र

अपने पत्र में कमलनाथ ने लिखा है  “प्रिय युवा साथी, आपको मतदान का अधिकार प्राप्त होने पर मैं आपका अभिनंदन करता हूँ। अब आपका हर फैसला देश, मध्यप्रदेश और आपके भविष्य को तय करेगा। जीवन के इस पड़ाव पर हर नौजवान का सपना होता है कि शिक्षा-दीक्षा पूर्ण करने पर उसे अच्छा रोजगार मिले और वह परिवार के साथ सम्मानजनक खुशहाल जीवन जी सके आप भी इसी दिशा में विचार कर रहे होंगे, लेकिन आपको यह जानकर दुख होगा कि, आज मध्यप्रदेश में दो करोड़ से अधिक युवा हैं और इनमें से अधिकतर बेरोजगार है। युवाओं की इस स्थिति का कारण प्रदेश की भाजपा सरकार है जिसने कभी भी नौजवानों के भविष्य को ध्यान में रखकर कोई युवा उन्मुखी युवा हितैषी नीतियाँ नहीं बनाई, जो भी नीतियां बनाई वे सभी दोषपूर्ण बनाई और वो भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई ।

18 सालों से सत्ता में बनी हुई भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश के शिक्षा और कौशल के स्तर को बहुत ही नीचे गिरा दिया है और इस कारण से प्रदेश का युवा बेरोजगार हो गया है । आज मध्यप्रदेश की पहचान लगातार हो रहे भर्ती घोटालों से होती है। प्रदेश को व्यापम घोटाले के लिये जाना जाता है। अभी हाल ही में पटवारी भर्ती और पेसा भर्ती में भी घोटाला हुआ। आज प्रदेश की स्थिति यह है कि या तो भर्ती नहीं निकलती है, निकलती है तो परीक्षा नहीं होती. कभी पेपर लीक हो जाता है, कभी परिणाम नहीं आता और परिणाम आ जाये तो उसमें भ्रष्टाचार हो जाता है और भाई-भतीजावाद तथा अदालतों के चक्कर में अक्सर नियुक्तियों को फंसा दिया जाता है। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री से लेकर पटवारी तक के पद सौदेबाजी से भरे जा रहे है आप सोचिए कि जो सरकार चुनाव के 4 महीने पहले भी सरेआम पटवारी भर्ती घोटाला कर सकती है, वह सरकार फिर सत्ता में आने पर आपके भविष्य के साथ क्या-क्या खिलवाड़ नहीं करेगी?

2003 से लगातार सत्ता में रहने के कारण भाजपा सरकार युवाओं के प्रति अत्यधिक असंवेदनशील हो गई है और सत्ता का दुरूपयोग कर युवाओं के भविष्य के साथ खुलकर खिलवाड़ कर रही है।

प्रिय साथी आज हमें यह विचार करना होगा कि आपके माता-पिता की खून-पसीने की कमाई से मिली शिक्षा के बाद भी आप क्यों अपने परिवार के सपनों को साकार नहीं कर पाते हैं ? इसका जबाव है कि भाजपा सरकार योग्यता से नहीं, सौदे और धन-बल से चल रही है। और इनकी प्राथमिकता में प्रदेश के युवा और उनका भविष्य नहीं है ।प्रिय साथी मेरा यह मानना है कि हर समस्या का समाधान हो सकता है। यदि आपकी नीति स्पष्ट नीयत साफ और प्रयास ईमानदार हो तो समाधान मिल ही जाता है। कांग्रेस पार्टी का विश्वास है कि, युवा शक्ति का जोश, जुनून, लगन, रचनात्मक सोच व दृढ़ इच्छा शक्ति ही देश और प्रदेश का विकास कर सकती है और यह तभी सम्भव होगा जब युवाओं के समग्र विकास एवं भविष्य निर्माण के लिये सतत् कार्य किया जाये जो भी योजनाएँ बनाई जाये वह युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखकर बनाई जाये कांग्रेस इसी दिशा में मजबूत कदम बढ़ाकर युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए संकल्पित है ।

 

मेरी कर्मभूमि छिंदवाड़ा में युवाओं के लिए मैंने सालों पहले उच्च गुणवत्ता वाले अनेक कौशल विकास केन्द्र प्रारंभ किये, जिनसे प्रशिक्षण प्राप्त कुशल युवाओं को हम रोजगार से जोड़ पाये। आज छिंदवाड़ा के युवा स्वाभिमान के साथ अपना जीवन जी रहे हैं।

मेरा उद्देश्य हमेशा से रोजगार मूलक शिक्षा को बढ़ावा देकर एवं प्रदेश की पहचान उद्योगों के हब के रूप में स्थापित कर रोजगार के अवसरों को बढ़ाना रहा है और अब मैं प्रदेशके युवाओं के रोजगार के लिये यह सब करना चाहता हूँ ।

प्रिय साथियों, मध्यप्रदेश में शीघ्र ही चुनाव होने जा रहा है आपके परिवार का वरिष्ठ सदस्य होने के नाते मैं आपसे आग्रह करना चाहता हूँ कि आप आज के मध्यप्रदेश की तस्वीर को सामने रखिए और एक जागरूक नौजवान की तरह सोचिए, प्रदेश की सच्चाई को पहचानिये और सच्चाई का साथ दीजिये इन चुनावों में आपका दिया एक-एक वोट मध्यप्रदेश और आपका भविष्य तय करेगा अपने वोट की ताकत का सदुपयोग खुशहाल मध्यप्रदेश बनाने के लिए करिये ।

हम एक होकर मध्यप्रदेश की नई तस्वीर बनायेंगे, एक ऐसी तस्वीर जिसमें युवाओं के सपने साकार हो सकेंगे। मेरा लक्ष्य है कि हम सब मिलकर खुशहाल उन्नत मध्यप्रदेश का नव-निर्माण करें। मुझे अपने प्रदेश के नौजवानों की प्रगतिशील सोच पर पूरा भरोसा है। किसी ने सच कहा है…इतिहास उधर मुड़ जाता है, जिस ओर जवानी चलती है। आपके उज्जवल एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाओं के साथ। आपका कमलनाथ।”

131 Views
What do you think?

Leave a Reply