Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
भोपाल

सौ करोड़ की लागत से बनेगा श्रीखेड़ापति हनुमान कॉरिडोर

3 min read
Text Size:

भोपाल- चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने छोला श्रीखेड़ापति हनुमान मंदिर प्रांगण में “श्रीखेड़ापति हनुमान कॉरिडोर” का शिलान्यास किया। मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि महाकाल कॉरिडोर की तरह नरेला विधानसभा के छोला क्षेत्र में “ खेड़ापति हनुमान कॉरिडोर” बनाया जा रहा है। करीब 100 करोड़ की लागत से पूरे क्षेत्र का विकास किया जायेगा। पहले चरण में 20 करोड़ की लागत से खेड़ापति हनुमान कॉरिडोर बनाया जाएगा। 21 एकड़ में मंदिर समेत कॉरिडोर विस्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह राजधानी का सबसे प्राचीनतम मंदिर है। इसका जीर्णोद्धार नए सिरे से किया जाएगा। खेड़ापति मंदिर को राजधानी का सबसे भव्य मंदिर के रूप में विस्तार किया जाएगा। मंदिर परिसर के समीप मार्केट भी सुव्यवस्थित किया जाएगा। श्रीखेड़ापति हनुमान कॉरिडोर के शिलान्यास के अवसर पर भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, खेड़ापति हनुमान मंदिर के महंत जगदीश दास, गुफा मंदिर महंत राम प्रवेश दास महाराज, वृंदावन से आचार्य देवमुरारी बापू, वाटिका धाम महंत हरिराम दास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए।

मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि मंदिर को महाकाल लोक की तर्ज पर बनाया जाएगा। मंदिर भी भव्य बनेगा। उसके कॉरिडोर को सुदंर और आकर्षक बनाया जाएगा।

मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि वर्तमान में छोला दशहरा मैदान व मंदिर परिसर के बीच सड़क गुजरती है। नए डिजाइन में मंदिर और मैदान एक हो जायेंगे। मंदिर के सामने की सड़क को दशहरा मैदान के पीछे से घूमाकर डायवर्ट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दशहरा मैदान को पवेलियन के रूप में डेवलप किया जाएगा। नीचे मार्केट होगा। ऊपर लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। छोला दशहरा मैदान में बड़े आयोजनों में आने वाले लोगों को सड़क पर न खड़ा होना पड़े। इसके लिए बैठक व्यवस्था बनाई जाएगी। सड़क को दशहरा मैदान के पीछे की तरफ से घूमाकर निकाला जाएगा। इससे आने जाने वाले वाहनों को न तो जाम लगेगा और न ही आने जाने में दिक्कत होगी।

मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि खेड़ापति हनुमान कॉरिडोर के प्रांगण के ऊपर से आर्च नुमा फ्लाईओवर भी ख़ास होगा। लगभग 4.80 किमी लंबा यह फ्लाईओवर यूनियन कार्बाइड के पास काली परेड से अयोध्या बायपास तक 3646.27 लाख की लागत से बनाया जायेगा। इस ब्रिज के बन जाने से क्षेत्र में यातायात का घनत्व कम होगा।

मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि कॉरिडोर में हनुमान चालीसा की चौपाइयों एवं हनुमान जी से जुड़े प्रसंगों का चित्रण किया जायेगा। इनमें लंका दहन, संजीवनी बूटी सहित विभिन्न प्रसंगों को प्रदर्शित किया जायेगा।

मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि कॉरिडोर के निर्माण से यहां पर पर्यटक आएंगे। ये एक टूरिस्ट स्पॉट के रूप में डेवलप होगा। यहां पर बाहर से आने वाले लोगों को यहां पर आने के लिए निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर उतरना होगा। बस से आने पर डीआईजी बंगला के पास तैयार हो रहे बस स्टैंड पर उतरकर ई-रिक्शा के माध्यम से मंदिर तक पहुंच पाएंगे।

मंत्री विश्वास सारंग ने नरेला विधानसभा अंतर्गत विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। उन्होंने वार्ड 70 में समस्त सड़कों के डामरीकरण कार्य, वार्ड 59 पुराना नगर तमिल समाज मंदिर के समक्ष सड़क निर्माण कार्य, प्रेमनगर में जल वितरण नलिकाओं के नवीनीकरण, सुंदर नगर में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का भूमि-पूजन किया।

325 Views
What do you think?

Leave a Reply