Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
भोपाल

गुफा मंदिर परिसर में 34 करोड़ रुपये से बनेगा संत भवन, मुख्यमंत्री शिवराज ने किया भूमिपूजन

2 min read
Text Size:

भोपाल- शहर के लालघाटी क्षेत्र में स्थित गुफा मंदिर में 34 करोड़ रुपये से संत भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके बगल में सामुदायिक भवन भी बनेगा। पहले चरण में नगर निगम द्वारा इन कार्यों के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करीब सवा दस बजे गुफा मंदिर परिसर में पहुंचे और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच इसका भूमिपूजन किया। इस अवसर पर शहर की महापौर मालती राय, पूर्व महापौर आलोक शर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं।

ऐसी होगी संरचना

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि संत भवन 4,548 वर्गमीटर एरिया में बनेगा। इसके भूतल में प्रवेश द्वार, बरामदा, स्वागत कक्ष, प्रतीक्षालय, भंडार कक्ष, नेपथ्यशाला का निर्माण किया जाएगा। जबकि मेनजाइन फ्लोर पर स्टोर रूम, लाबी, 700 मीटर की बालकनी बनेगी और पहली मंजिल में 20 कमरे बनाए जाएंगे। इसके साथ ही सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सात हजार वर्गफीट जगह खुली रखी जाएगी। इसके निर्माण की जिम्मेदारी श्री कृष्णा इंफ्रास्ट्रक्चर को दी गई है।

बीडीए में 510 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

इसके अलावा मुख्यमंत्री शिवराज ने भोपाल विकास प्राधिकरण के 510 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का भूमिपूजन किया। इसमें मास्टर प्लान में प्रस्तावित 381.81 करोड़ रुपये से बनने वाली 45 मीटर सड़क, रक्षा विहार चरण तीन में 10.64 करोड़ रुपये से आवासीय परिसर, एयरोसिटी चरण दो में 57.41 करोड़ रुपये से विकास कार्य शामिल है। वहीं 42 करोड़ रुपये से एयरोसिटी चरण एक में 42 करोड़ रुपये से 43 एमआइजी, 61 एलआइजी और 96 मल्टीयूनिट आवासों के निर्माण का भूमिपूजन भी किया जाएगा।

92 Views
What do you think?

Leave a Reply