Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
भोपाल मध्य प्रदेश

अधिक से अधिक पात्र बहनों को दिलवाएं रियायती दर पर रसोई गैस सुविधा: मुख्यमंत्री श्री चौहान

3 min read
Text Size:

हितग्राहियों को शीघ्र ही होगी राशि अंतरित

मुख्यमंत्री श्री चौहान मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कान्फ्रेंस द्वारा जिला कलेक्टर से प्रदेश में रियायती दर पर रसोई गैस सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए बहनों के पंजीयन कार्य की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस कार्य की जिलावार जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए। खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना की हितग्राही बहनों को 450 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय के परिपालन के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विकास द्वारा संबंधित एजेंसियों, आयल कंपनियों और स्थानीय प्रशासन से समन्वय कर निर्धारित कार्यवाही की जा रही है। बहनों को गैस कंपनी से विक्रय दर पर सिलेंडर लेने के पश्चात अंतर की राशि का भुगतान उनके बैंक खाते में किया जाएगा। यह राशि राज्य सरकार वहन करेगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 15 सितम्बर को टीकमगढ़ से योजना का शुभारंभ कर प्रतीक स्वरूप कुछ हितग्राहियों के आवेदन प्रपत्र भरवाए थे। उन्होंने गत 17 सितम्बर को भी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकुर सभागार में बहनों के आवेदन प्रपत्र भरवाने का कार्य किया था।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि कम दाम पर रसाई गैस की सुविधा मिलने से लाखों परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी। इसका लाभ दिलवाने के लिए प्रदेश में बहनों के पंजीयन की कार्यवाही चल रही है। बैठक में बताया गया कि उज्ज्वला योजना का लाभ ले रही बहनों और ऐसी बहनों जिन्हें उज्ज्वला योजना का लाभ नहीं मिला है, उनकी समग्र जानकारी एकत्र कर बैंक खातों के विवरण के साथ आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है। बड़ी संख्या में पुरुषों के नाम खाते होने से परिवार किस तरह लाभान्वित हो, इसके लिए जरूरी तकनीकी उपायों पर भी कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वीसी द्वारा जिलों से चर्चा के दौरान पन्ना, सीहोर और कुछ अन्य जिलों में हुए श्रेष्ठ कार्य संपादन के लिए कलेक्टर्स को बधाई दी और अन्य जिलों को कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए, जिससे राशि का अंतरण कार्य जल्द संपन्न हो।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वीडियो कान्फ्रेन्स में जिला स्तर पर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना के क्रियान्वयन के संबंध में भी निर्देश देते हुए कहा कि यह कार्य हितग्राहियों को कठिनाई आये बिना पूर्ण किया जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जिलों में किसानों को रबी फसलों के लिए खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक वर्षा से कुछ स्थानों पर फसलों की क्षति का आकलन कर प्रभावित किसानों को फसल बीमा योजना और आर बी सी 6-4 के प्रावधानों का लाभ दिलवाने को भी कहा।

80 Views
What do you think?

Leave a Reply