अनोखा तीर, कन्नौद। इन्दौर रहने वाले फरियादी द्वारा थाना कन्नौद में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री 27 अगस्त 2023 को राखी मनाने उसकी भुआ के घर आई थी। जहां जत्रा मैदान कन्नौद से कोई अज्ञात व्यक्ति व्यपहरण कर ले गया है। रिपोर्ट पर अपराध धारा 363, 366 भादवि का कायम किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास सम्पत उपाध्याय, एएसपी ग्रामीण आकाश भूरिया ने बालिका को शीघ्र दस्तयाब करने हेतु निर्देशित किया गया। उनके द्वारा एसडीओपी कन्नौद श्रीमती ज्योति उमठ को आवश्यक दिशा निर्देश दिए की टीम द्वारा व्यपहरत बालिका की तलाश की जाए। कन्नौद पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक ज्योति पाटीदार, प्रधान आरक्षक राधेश्याम गावड, शिव प्रताप, आरक्षक सचिन चौहान, अजय वर्मा द्वारा विवेचना के दौरान पुलिस के परम्परागत एवं तकनीकी आधारों पर यह पता कर लिया गया कि नाबालिग बालिका को शाजापुर का रहने वाला अनिल बडोदिया पिता रमेश चन्द्र व्यपहरत कर ले गया है और गुजरात के मोरवी में ले गया है और छिपाकर रखा है। उक्त जानकारी के आधार पर पुलिस टीम गुजरात पहुंची और दो दिन तक पतासाजी कर आरोपी द्वारा व्यपहर्ता को छिपाकर रखे स्थान की घेराबंदी की गई। पुलिस टीम द्वारा उक्त स्थल पर लगभग 300 कमरों की तलाशी ली गई। परन्तु आरोपी अपनी उपस्थिति छिपाता रहा। पुलिस टीम द्वारा उक्त मकानों की छत की तलाशी लेने पर व्यपहरत बालिका छत पर से दस्तयाब हुई। पुलिस को देख आरोपी छत से कूदकर भागने लगा, परन्तु गिरते पड़ते पुलिस टीम की हिरासत में आ गया। आरोपी अनिल पिता रमेशचन्द्र बडोदिया 20 साल निवासी भुरिया खजुरिया थाना कालापीपल जिला शाजापुर को गिरफ्तार किया गया है।

