अब ऊर्जा संरक्षण क्षेत्र में पथ प्रदर्शन करेगी साँची : मुख्यमंत्री श्री चौहान

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

साँची बनी देश की पहली सोलर सिटी

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किया लोकार्पण
साँची में 63 किलोवाट क्षमता के सौर संयंत्र घरेलू छतों पर लगाए गए
साँची सोलर सिटी से वार्षिक 14 हजार टन से अधिक कार्बन डाईआक्साड के उत्सर्जन में कमी आएगी

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोयले और अन्य साधनों से बिजली के उत्पादन का पर्यावरण पर दुष्प्रभाव पड़ता है। पारम्परिक माध्यमों को छोड़कर प्रकृति को नुकसान पहुँचाए बिना सौर ऊर्जा उत्पादन की शुरूआत के लिए साँची के नागरिक, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग और सभी वैज्ञानिक बधाई के पात्र हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न संस्थानों से पधारे विद्वानों, वैज्ञानिकों और ऊर्जा संरक्षण क्षेत्र में कार्यरत विशेषज्ञों का अभिनन्दन करते हुए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह साँची और देश के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ा है। साँची के पास नागौरी में तीन मेगावाट क्षमता की सौर परियोजना के फलस्वरूप साँची सोलर सिटी बनी है। निकट भविष्य में गुलगांव में पाँच मेगावाट की सौर परियोजना स्थापित होगी जो कृषि क्षेत्र की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करेगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि साँची सोलर सिटी से वार्षिक 14 हजार टन से अधिक कार्बन डाईआक्साड के उत्सर्जन में कमी आएगी, जो लगभग 2 लाख 38 हजार से अधिक पेड़ों के बराबर है। ईकोफ्रेंडली सुविधाओं से पर्यावरण प्रदूषण रूकेगा। ई-व्हीकल को बढ़ावा दिया गया है। चार कामर्शियल चार्जिंग पाइंट तथा तीन ई रिक्शा चार्जिंग पाइंट स्थापित कर दिए गए हैं। बैटरी वाहनों के चलने से 9 लाख से अधिक मूल्य के डीजल की भी बचत होगी।

नागरिक ऊर्जा बचत और संरक्षण के क्षेत्र में हुए जागरूक

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि साँची में करीब 7 हजार नागरिकों ने अपने घरों में सोलर स्टेंड लैंप, सोलर स्टडी लैंप, सोलर लालटेन का इस्तेमाल कर बिजली बचाने का संकल्प लिया है। हर घर सोलर की अवधारणा सफल हुई। लगभग 63 किलोवाट क्षमता के सौर संयंत्र घरेलू छतों पर लगाए गए हैं। शहर के केंद्र और राज्य सरकार के कार्यालयों और प्रतिष्ठानों का इनर्जी आडिट करवाया गया। ऊर्जा साक्षरता आभियान के अंतर्गत साँची के लोगों ने ऊर्जा बचत और ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में जागरूकता का परिचय दिया। प्रतिवर्ष संयंत्रों के उपयोग से करीब 22 लाख रूपए के बिजली के बिल कम होंगे।

नेट जीरो शहर बनाने का संकल्प सराहनीय

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि साँची को आईआईटी कानपुर के सहयोग से नेट जीरो शहर बनाने का संकल्प सराहनीय है। यह शहर पूरी दुनिया को दिशा दिखाएगा। आज पर्यावरण बचाना बहुत आवश्यक है। बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को अक्षय ऊर्जा के उपयोग से पूरा करना है। शीघ्र ही सोलर पम्प भी कृषि कार्यों में मदद करेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज इस क्षण में आनंद से भरा हूँ। ऊर्जा साक्षरता अभियान के संचालन को अच्छा समर्थन मिला। सभी सहयोगी बधाई के पात्र हैं।

लोक स्वास्थ्य एवं कल्याण मंत्री प्रभुराम चौधरी ने कहा कि साँची जो बौद्ध स्तूप के लिए प्रसिद्ध था अब सोलर सिटी के रूप में जाना जाएगा। साँची में व्यापक स्तर पर सोलर लैंप का वितरण हुआ है। बच्चों और बुजुर्गों को ऊर्जा संरक्षण के लिए शिक्षित किया गया है। जगह जगह चार्जिंग पॉइंट भी लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने साँची सहित रायसेन एवं विदिशा जिलों में विकास कार्यों की मंजूरी दी है। सम्पूर्ण प्रदेश के विकास के लिए वे समर्पित हैं।

प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वर्ष 2020 में सोलर सिटी विकसित करने का आव्हान किया था। साँची एक आदर्श सोलर सिटी की पहचान बनाएगा। साँची के विद्यार्थी ऊर्जा साक्षर हो गए हैं, इसके लिए उन्होंने निर्धारित परीक्षा भी पास की है। साँची के मार्ग रात में भी जगमगाने लगे हैं। आने वाले पर्यटक इनका लाभ ले रहे हैं। सौर ऊर्जा से मोबाइल फोन भी चार्ज हो रहे हैं। साँची में वार्षिक 7 करोड़ 68 लाख रुपए की बचत होगी।

साँची सोलर सिटी से संबंधित प्रमुख तथ्य

  • साँची में नागरिकों के घरों और सरकारी कामों में व्यय होने वाले विद्युत व्यय में 7.68 करोड़ की वार्षिक बचत होगी।

  • बिजली बिल भरने से भी राहत मिलेगी।

  • विश्व के देशों से आने वाले पर्यटकों को विभिन्न सुविधाएँ मिलेंगी।

  • साँची में रात्रि के समय जगमगाती सड़कों से दुकानें और रहवासी क्षेत्र की गलियाँ रोशन होने लगी हैं।

  • साँची के नागरिकों ने हर-घर सोलर के विचार को अंगीकार किया है। शहर में स्थित दफ्तरों का ऊर्जा आडिट हुआ।

  • नगरीय आबादी को ऊर्जा की बचत से जुड़े उपायों पर बिन्दुओं पर जागरूक और शिक्षित किया गया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान की रायसेन जिले के विकास के लिये की घोषणाएँ

  • रायसेन में मेडिकल कॉलेज स्वीकृत किया जाएगा।

  • साँची में नगर पंचायत भवन का निर्माण होगा।

  • साँची में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित होगी।

  • साँची में अहिरवार धर्म शाला के विकास में सहयोग दिया जाएगा।

  • साँची क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ रूपए की विशेष निधि मंजूर की जाएगी।

  • पूर्व सरकार द्वारा स्वीकृत साँची नगर पंचायत क्षेत्र के दो मार्ग जो नहीं बन सके थे, उनका निर्माण करवाया जाएगा।

  • रायसेन जिला पंचायत भवन के निर्माण का कार्य होगा।

  • रायसेन जिले के सलामतपुर जिले में सीएम राइज स्कूल स्वीकृत किया जाएगा।

साँची में आयोजित सोलर सिटी लोकार्पण कार्यक्रम में आईआईटी मुम्बई के प्रो. चेतन सिंह सोलंकी भी उपस्थित थे जिन्होंने इंटर नेशनल सोलर मिशन में सक्रिय भूमिका निभाई है। श्री सोलंकी ग्यारह वर्षों से महत्वपूर्ण ऊर्जा संरक्षण अभियान से जुड़े हैं। इसके साथ ही वर्ल्ड रिसोर्स इंस्टीटयूट के सारांश वाजपेयी, आईआईटी कानपुर के आशीष गर्ग, राजीव जिंदल, रविशेखर, प्रो बी.के. सेठी, वी.के. सिन्हा, आरजीपीवी के कुलपति सुनील कुमार उपस्थित थे। जन-प्रतिनिधियों में किसान मोर्चा के दर्शन सिंह, रायसेन जिला पंचायत अध्यक्ष यशंवत सिंह, राकेश शर्मा उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन ऊर्जा विकास निगम के प्रबंध संचालक कर्मवीर शर्मा ने किया।

Views Today: 2

Total Views: 72

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!