अनोखा तीर, देवास। जिलेभर में आबकारी विभाग शराब के अवैध अड्डों पर निरंतर कार्रवाई कर रहा है। आबकारी विभाग की मुहिम से शराब का अवैध कारोबार करने वालों के हौसले पस्त हो रहे हैं। एक दिन पहले ही बागली क्षेत्र के जंगल में अवैध शराब बनाने वालों पर विभाग ने कार्रवाई की थी। शुक्रवार को देवास के प्रतापनगर में छापामार कार्रवाई करते हुए शराब बनाने की भट्टियों को नष्ट कर लगभग 20 लाख रुपए की सामग्री जब्त की। आबकारी विभाग को सूचना प्राप्त हो रही थी, कि प्रतापनगर में अवैध रूप से शराब बनाने के लिए भट्टियां संचालित हो रही है। शुक्रवार दोपहर को आबकारी विभाग ने पुलिस विभाग के सहयोग से प्रतापनगर में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान सहायक आबकारी आयुक्त राजनारायण सोनी स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर अमले को निर्देशित करते रहे। विभागीय अमले को यहां पर तीन से चार भट्टियां मिली। साथ ही लगभग 10 हजार किग्रा महुआ लहान भी मिला। यह 50 से 60 ड्रमों में भरा हुआ था। महुए को सड़ाकर व उसमें अन्य सामग्री का मिश्रण कर अनुमानित तौर पर लगभग 100 लीटर कच्ची शराब यहां से प्रतिदिन बनाकर सप्लाई की जा रही थी। भट्टियों व इनके ऊपर अवैध निर्माण को जेसीबी की सहायता से तोड़ने की प्रक्रिया भी इस दौरान की गई। गौरतलब है कि इस प्रकार से शराब बनाने वाले शराब में नौसादर, यूरिया जैसी सामग्री प्रयोग भी करते हैं। इससे यह शराब घातक हो जाती है। आबकारी विभाग का अमला जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में ही सक्रिय था, लेकिन लंबे समय बाद देवास शहर में इस प्रकार की कार्रवाई से शराब का अवैध कारोबार करने वालों के हौसले पस्त हो रहे हैं। सहायक आबकारी आयुक्त श्री सोनी ने बताया हमें सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग प्रतापनगर में रेलवे क्रासिंग के समीप कच्ची शराब का अवैध रूप से व्यापार कर रहे हैं। हमने टीम गठित कर आज कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान 8 से 10 हजार किग्रा महुआ लहान सहित अन्य सामग्री जब्त की। महुआ लहान को नष्ट कर दिया गया। इस प्रकार की कार्रवाई पूरे जिले में आने वाले समय में भी चलती रहेगी।

