देवास- देवास का रेलवे स्टेशन व आसपास के हिस्से का स्वरूप अगले कुछ महीनों में बदला-बदला नजर आएगा। यहां 29 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्य करवाए जाएंगे। इसके लिए शुभारंभ सुबह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-एक में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। इसमें वर्चुअली जुडकऱ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 508 स्टेशनों में एक साथ विकास कार्यों की शुरुआत की। इससे पहले स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। पिछले दिनों विभिन्न स्कूलों में रेलवे स्टेशन, अमृत भारत स्टेशन योजना से जुड़ी निबंध, ड्राइंग, पेंटिंग प्रतियोगिताओं में जीतने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा आज भी देश में रेल का सफर सहज व सुविधाजनक व सस्ता है। आवागमन के सबसे अधिक साधनों में रेल का ही उपयोग किया जाता है।

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों की जरूरतों को भली-भांति समझते हैं, इसीलिए उन्होंने रेलवे की सुविधाओं के उत्थान पर ध्यान दिया है और इस योजना को क्रियान्वित किया जा रहा है। देवास के स्टेशन का चयन होना लोगों के लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि के रूप में देवास विधायक गायत्रीराजे पवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं आधा दर्जन से अधिक स्कूलोंं के विद्यार्थियों व आम जनता की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। रेलवे के देवास के अलावा इंदौर, उज्जैन, रतलाम मंडल के कई अधिकारी मौजूद रहे। योजना के तहत रेलवे स्टेशनों पर सुगम पहुंच, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, बेहतर परिसंचरण क्षेत्र, पार्किंग स्थान, दिव्यांगजन अनुकूल इंफ्रास्ट्रक्चर, हरित ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण अनुकूल भवन आदि सुविधाएं मिलेगी।

