खण्डवा- स्वतंत्रता दिवस आगामी 15 अगस्त को हर्षोल्लास एवं समारोह पूर्वक मनाया जाएगा। देश की आजादी की वर्षगांठ के आयोजन की तैयारियों के संबंध में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई, जिसमें कलेक्टर अनूप कुमार सिंह ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस राष्ट्रीय पर्व को गरिमापूर्ण तरीके से मनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में विशिष्ट व्यक्तियों को निमंत्रण पत्र देकर ससम्मान कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाए तथा उनके कार्यक्रम स्थल पर बैठने की समुचित व्यवस्था की जाए। बैठक में तय किया गया कि परेड की फाइनल व फुल ड्रेस रिहर्सल 13 अगस्त को प्रातः 9 बजे से सम्पन्न होगी।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि इस फाईनल रिहर्सल में किसी मेधावी विद्यार्थी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित कर रिहर्सल आयोजित की जायें। बैठक में बताया गया कि स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय पुलिस लाइन मैदान में होगा। इस कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जायेंगे। सभी कार्यक्रम देश भक्ति से ओतप्रोत हो यह सुनिश्चित किया जायेगा।
कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सभी शासकीय कार्यालयों व महत्वपूर्ण सार्वजनिक भवनों पर ध्वजारोहरण व लाईटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज को संध्याकाल में सम्मान पूर्वक उतारने की जिम्मेदारी भी कार्यालय प्रमुख की होगी। बैठक में बताया गया कि सभी शासकीय कार्यालयो में प्रातः 8 बजे से पूर्व ध्वजारोहरण कार्यक्रम सम्पन्न होगा। मुख्य कार्यक्रम में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि द्वारा प्रातः 9 बजे द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इससे पूर्व स्कूली विद्यार्थियों द्वारा प्रभात फेरी आयोजित की जाएगी। प्रभात फेरी में कक्षा 6 वी से ऊपर के छात्र-छात्राओं को सम्मिलित किया जायेगा। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पेयजल व्यवस्था के लिए नगर निगम व लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि केवल 3 सांस्कृतिक कार्यक्रम ही आयोजित किए जायें। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए शील्ड की व्यवस्था जिला षिक्षा अधिकारी करेंगे तथा परेड की शील्ड की व्यवस्था नगर निगम द्वारा की जायेगी। बैठक में उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर स्कूलों में विषेष भोज का आयोजन किया जायें।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि पुलिस ग्राउंड के गड्डे भरवा दिये जायें व परेड ग्राउन्ड का समतलीकरण एवं आवश्यकतानुसार ग्राउण्ड तैयार करना, बेरिकेटिंग कार्य, पुलिस ग्राउंड का व्हाईट वाशिंग का कार्य किया जायें। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि कार्यक्रम प्रारंभ से 45 मिनिट पूर्व एवं कार्यक्रम समाप्त होने के 30 मिनिट बाद की अवधि में शहर में भारी यातायात का प्रवेश प्रतिबंधित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम समाप्ति के तुरन्त पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम से संबंधित पुरस्कार वितरण होगा। इस अवसर पर दिये जाने वाले प्रमाण पत्र छपवाने की व्यवस्था मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, खंडवा द्वारा की जायेगी। शील्ड की व्यवस्था नगर पालिक निगम खण्डवा द्वारा की जायेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु पुरस्कार के रूप में दिये जाने वाली शील्डों की व्यवस्था भी नगर निगम, खंडवा द्वारा की जावेगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी/कर्मचारी के प्रस्ताव मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत खंडवा को 10 अगस्त तक भिजवायें।
बैठक पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर के.आर. बड़ोले, संयुक्त कलेक्टर सुश्री अंशु जावला, एसडीएम खण्डवा अरविंद कुमार चौहान सहित विभिन्न जिला अधिकारीगण भी मौजूद थे।
Views Today: 2
Total Views: 124

