गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित हुई गौरव यात्रा

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

वन मंत्री डॉ. शाह ने गौरव यात्रा में ढोल बजाकर व गैडी नृत्य कर आनंद उठाया
खण्डवा- पार्श्व गायक स्व. किशोर कुमार की जयंती के अवसर पर खण्डवा का गौरव दिवस मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत  शहर में जगह-जगह स्व. किशोर कुमार के द्वारा गाये गये गाने बजाए जा रहे है। गौरव दिवस अवसर पर आज नगर पालिक निगम खण्डवा से गौरव यात्रा आयोजित की गई। इस दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा आदिवासी लोकनृत्य, काठी नृत्य, कोरकू नृत्य, गणगौर नृत्य प्रस्तुत किया गया साथ ही छत्तीसगढ़ के कलाकारों द्वारा बांस पर चलते हुए गेड़ी नृत्य गौरव यात्रा का आकर्षण रहा। इसके अलावा किशोर कुमार की चलती का नाम गाड़ी फिल्म की कार में किशोर दा की वेशभूषा में बैठे बच्चे भी आकर्षण का केंद्र रहे। गौरव यात्रा में वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने भी ढोल बजाकर और गैडी नृत्य कर आनंद उठाया। गौरव यात्रा नगर निगम चौराहे से प्रारंभ हुई जो घण्टाघर, रेल्वे स्टेशन, कहारवाड़ी, बजरंग चौक होते हुए नगर निगम चौराहे पर सम्पन्न हुई। इस दौरान आकर्षक आतिशबाजी भी की गई।

गौरव यात्रा के दौरान वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने पार्श्व गायक स्व. किशोर कुमार के पुस्तैनी मकान पर जाकर स्व. किशोर कुमार के चित्र पर माल्यार्पण किया तथा वहां उपस्थित चौकीदार को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि किशोर कुमार वो नाम जिसने पूरी दुनिया में ही नहीं पूरे विश्व में खण्डवा की माटी का नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि गानो के माध्यम से ऐसा कोई कलाकार नहीं है जिन्होंने बिना शिक्षा लिए सबसे ज्यादा गाना गाने का रिकार्ड बनाया है। उन्होंने बताया कि वो जहां भी जाते थे किशोर कुमार नहीं कहते थे किशोर कुमार खण्डवा वाला कहते थे। उन्होंने कहा कि हमारी जन्मभूमि व मातृभूमि को प्यार करने वाले ऐसे कलाकार को शत-शत श्रृद्धांजली।

कार्यक्रम के अंत में विधायक श्री वर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि पार्श्व गायक स्व. किशोर कुमार के जन्मदिवस के अवसर पर खण्डवा का गौरव दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम सब के लिए गौरव की बात है कि कला, संस्कृति की तो यह भूमि है ही, टंट्या मामा की निमाड़ की भूमि है। उन्होंने मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान का धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने हमें यह गौरव प्रदान कराया है कि हम हमारे स्व. किशोर कुमार के जन्मदिवस को गौरव दिवस के रूप में मनायें। उन्होंने गौरव दिवस की सभी को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर महापौर श्रीमती अमृता यादव द्वारा सभी कलाकारों को धन्यवाद ज्ञापित किया, जिन्होंने गौरव दिवस कार्यक्रम में आकर अपनी प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम का संचालन  प्रफुल्ल मण्डलोई द्वारा किया गया।
इस दौरान कलेक्टर  अनूप कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक  सत्येन्द्र शुक्ल, नगर निगम आयुक्त  नीलेश दुबे, एसडीएम  अरविंद चौहान, सीएसपी  पूनमचंद यादव, सिस्टम मैनेजर ट्रेजरी  प्रफुल्ल मंडलोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, स्कूल कॉलेज के विद्यार्थी, रोटरी, लायंस एवं अन्य सामाजिक संगठनों के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।

Views Today: 2

Total Views: 98

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!