देवास- उज्जैन से देवास तक बने फोरलेन में ग्राम सिंगावदा में स्थित विद्युत मण्डल एवं शासकीय हाई स्कूल पर आने-जाने का रास्ता न होने एवं आए दिन रोंग साइड पर जाने से दुर्घटना होने की शिकायत लिए शिवसेना का प्रतिनिधि मण्डल जिलाध्यक्ष सुनील वर्मा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचा और जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता को आवेदन सौंपा। जिलाध्यक्ष वर्मा ने आवेदन देकर कलेक्टर से चर्चा करते हुए बताया कि नेशनल हाईवे एनएच 752/डी पर ग्राम पंचायत सिंगावदा में विद्युत मण्डल एवं शासकीय विद्यालय मैन रोड के समीप स्थित है। सडक़ निर्माण करने वाली कम्पनी द्वारा उक्त स्थान पर किसी भी प्रकार क्रॉसिंग नही बनाया गया है, जबकि पावर हाऊस पर शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल जिसमें लगभग 2500 से अधिक बच्चे पढ़ाई करने आते है। वहीं 52 गावों की लाईट का बड़ा पावर हाऊस (विद्युत मण्डल ग्रीड) भी यहीं पर स्थित है। हजारों की तादात में बिल जमा करने एवं अपनी समस्या का निराकरण हेतु पावर हाऊस में लोग प्रतिदिनि आते-जाते है। सिंगावदा पावर हाऊस से लसुडिय़ा, मुंगावदा, तुमड़ावदा सहित कुल 5 गांव जुड़े है। सडक़ निर्माण कम्पनी द्वारा शासकीय विद्यालय एवं पावर हाऊस के आसपास किसी प्रकार क्रासिंग नही होने से डेढ़ किमी लम्बा जाकर आना पड़ता है।
क्रासिंग नही होने से स्कूल के बच्चों को आना पड़ता है रांग साईड
ग्रामीणजन व स्कूली बच्चे रांग साइड आकर यहां पहुंचते है, जिससे दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। रांग साइड के कारण पूर्व में भी दुर्घटना हो चुकी है, जिसमें पांच लोगों की मौत हो चुकी है। कलेक्टर ने समस्या सुनकर शिवसेना को आश्वस्त किया एवं एनएचए अधिकारियों को शीघ्र निराकरण करने हेतु पत्र भेजा। इस दौरान शिवसेना जिला उपाध्यक्ष दशरथ जाट, सिंगावदा सरपंच प्रतिनिधि हुकम सिंह चौहान, लसुडिय़ा उप सरपंच विरेन्द्र सिंह पवार, नानूराम पटेल, सुरेश योगेश्वर, दशरथ गौड़, मुकेश घार्गे, दीपक चौहानप सहित बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीणजन उपस्थित थे। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते समस्या का निदान नही होता है तो हमें मजबूरवश सडक़ पर उतरना पड़ेगा।

