Skip to content
Monday, 23 November 2026
विशेष लेख / संपादकीय

गीतों में समाया जीवन देखने की अनोखी दृष्टि

2 min read

अजात शत्रु जी के पाठक हैं लाखों में
– अशोक मनवानी, भोपाल

स्कूली जीवन से मैंने फिल्मी गीतों पर लगातार लिखने वाले लोगों में अजातशत्रु जी का नाम याद रखा है। उन्हें पढ़ते हुए ही इतने बरस हो गए हैं कि ऐसा लगता है कि उनसे पिछले जन्म का कोई रिश्ता है। सिनेमा के दृश्य और गीतों की मीमांसा करने की उनकी शैली और अंदाज के क्या कहने। अजातशत्रु जी द्वारा हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय गीतों की मीमांसा पढ़ते हुए ऐसा लगता है कि हम अब इस गीत को फिर से अच्छी तरह सुन लें और ऐसा करने पर उन गीतों का नया आनंद प्राप्त होता है। गीतों के शब्द सार्थक होने लगते हैं।
अजातशत्रु जी से यह रिश्ता नई दुनिया अखबार के माध्यम से कायम हुआ। उनसे भेंट तो कभी नहीं हुई लेकिन दूरभाष पर वार्तालाप कर ऐसा लगा मानो किसी अलग दुनिया में हम पहुंच गए हों। गायकों और गायिकाओं की गायन शैलियों, उच्चारण और विभिन्न विषयों पर गीतों की प्रस्तुति को एक बेहतरीन शिक्षक की तरह पाठकों, श्रोताओं को समझाने का कार्य अजातशत्रु जी करते हैं।
मध्यप्रदेश की माटी के इस लाल ने महाराष्ट्र में जीवन के काफी बरस बिताए हैं। यह भी संभव था कि वे खुद एक बहुत अच्छे गीतकार हो जाते। देखा जाए तो हैं भी लेकिन सभी को मायानगरी मुंबई का माहौल नहीं रास आता, इसलिए तो मुंबई के इतना नजदीक रहते हुए भी वे समारोहों और मंचों से प्राय: बचते हैं। शालीनता से अपना कार्य एक साधना की तरह करने वाले अजातशत्रु जी के लाखों प्रशंसक हैं। उनके पाठकों में फिल्मी दुनिया के अनेक लोग भी शामिल हैं, लेकिन विनम्रता का अंदाज देखिए कि बस मौन रहकर अपना कार्य किए जा रहे हैं। अहंकार लेश मात्र भी नहीं दिखाई देता। अपने विद्यार्थियों से भी प्रेमपूर्वक चर्चा करते हैं। उन्हें समय देते हैं। चाहते तो वे एक सेलिब्रिटी माने जाते, जो हैं भी, लेकिन ऐसा उन्होंने कभी चाहा नहीं और अपने ढंग से, मौलिक तरीके से और अपनी एक अलग, अनूठी गरिमा से जीवन को जीते हुए अपने कार्य में तल्लीन रहते हैं। स्वाभाविक है वे गीतों को बहुत ध्यान से सुनते होंगे। कई कई बार सुनते होंगे और फिर उनके लेख या टिप्पणी हजारों लाखों पाठकों को गुदगुदा जाती है। उनका लेखन अलग किस्म की अनुभूति करवाता है। अजातशत्रु जी स्वस्थ हों और दीर्घायु हों ऐसी शुभकामनाएं उनके असंख्य चाहने वालों की हैं जिनमें मैं भी एक हूं।

128 Views
128 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply