अनोखा तीर, हरदा। मूल निवासी समाज को संगठित करने और उसके अस्तित्व,अधिकारों एवं सामाजिक पहचान के प्रति जागरूक करने तथा बहुजन महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 15 नवंबर रविवार को हरदा में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया जा रहा है। मूल निवासी संघ जिला हरदा के तत्वावधान में यह बैठक दोपहर 1.30 बजे से कतिया छात्रावास, हरदा में आयोजित होगी। बैठक का आयोजन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर किया जा रहा है। इस बैठक में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के विभिन्न सामाजिक संगठनों के अध्यक्षों एवं सचिवों सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और जागरूक नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। बैठक में प्रमुख रूप से बिरसा मुंडा की जयंती मनाने तथा उनके जीवन संघर्ष, सामाजिक चेतना और विचारों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही राष्ट्रपिता ज्योतिबा फुले, संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर, बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम एवं नारी शिक्षा की अग्रदूत माता सावित्रीबाई फुले के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजकों का उद्देश्य सामाजिक एकता, जागरूकता, शिक्षा और संगठन की भावना को मजबूत करते हुए बहुजन समाज को अपने अधिकारों एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना है। मूलनिवासी संघ के जिला अध्यक्ष मूल.ओ.पी. देवहारे ने विज्ञप्ति जारी कर सभी सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं जागरूक साथियों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपने विचार एवं सुझाव साझा करने तथा सामाजिक एकता के इस अभियान में सहयोग प्रदान करने की अपील की है।
बहुजन महानायक बिरसा मुंडा की जयंती कल



