-जिला कांग्रेस प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, कहा – नई पीढ़ी को मिलेगी प्रेरणा
अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आदित्य गार्गव ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर हरदा के शासकीय जिला चिकित्सालय का नाम बिरसा मुंडा शासकीय जिला चिकित्सालय, हरदा रखने की मांग की है। आदित्य गार्गव ने अपने पत्र में कहा है कि बिरसा मुंडा भारत के महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक एवं जननायक थे। उन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। अपने अल्प जीवन में उन्होंने आदिवासी समाज में सामाजिक जागरूकता, आत्मसम्मान और स्वतंत्रता की चेतना का संचार किया। उनके संघर्ष और बलिदान ने देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा प्रदान की तथा आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण आधार तैयार किया। गार्गव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल आदिवासी समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। उनके नाम पर हरदा के शासकीय जिला चिकित्सालय का नामकरण किया जाना उनके अद्वितीय योगदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी तथा इससे नई पीढ़ी उनके आदर्शों, संघर्ष और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा प्राप्त करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए हरदा के शासकीय जिला चिकित्सालय का नाम भगवान बिरसा मुंडा शासकीय जिला चिकित्सालय करने की मांग की है।
शासकीय जिला चिकित्सालय का नाम बिरसा मुंडा के नाम पर रखने की मांग



