Skip to content
Saturday, 14 November 2026
हरदा

भोपाल में 22 नवंबर को होगा अंतरराष्ट्रीय कठिन चीवरदान महोत्सव, तैयारियों को लेकर हुई बैठक

2 min read
20 2
Text Size:

अनोखा तीर, भोपाल। तीन माह के पावन वर्षावास के समापन अवसर पर आगामी 22 नवंबर को कोलार रोड, चुनाभट्टी स्थित बुद्धभूमि महाविहार मोनेस्ट्री में अंतरराष्ट्रीय कठिन चीवरदान महोत्सव  का भव्य आयोजन किया जाएगा। दी बुद्धभूमि धम्मदूत संघ (रजि.) द्वारा आयोजित इस समारोह को थाईलैंड के धम्मकाया फाउंडेशन और वर्ल्ड अलायंस ऑफ बुद्धिस्ट का विशेष सहयोग प्राप्त है। उक्त जानकारी देते हुए वर्ल्ड बुद्धिस्ट फेडरेशन की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिखा जोशी ने बताया कि आयोजन की व्यवस्थाओं, अतिथि सत्कार, रैली, भोजन और अनुशासन को लेकर बुद्धभूमि महाविहार में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इसमें वर्ल्ड बुद्धिस्ट फेडरेशन की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिखा जोशी, मैत्रीय बुद्ध महाविहार उपासिका संघ की पदाधिकारी सुशीला गजभिये, स्वाति आशा, रेखा मेश्राम तथा बुद्धभूमि महाविहार उपासक संघ के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश गोलाइत, सचिव हरिमानी चौधरी, कोषाध्यक्ष संदीप वाकोड़े सहित शहर के विभिन्न महिला मंडलों और समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।
थाईलैंड और देश भर से जुटेंगे धम्मगुरु
इस अवसर पर मध्यप्रदेश के वरिष्ठ बौद्ध धम्मगुरु भंते शाक्यपुत्र सागर थेरो सहित अन्य भिक्षुओं के तीन माह के वर्षावास का विधिवत समापन होगा। थाईलैंड से भंते फ्रा सनितवोंग चारेनरत्तावोंग, भंते डॉ. पोर्नचाई पोन्यापोंग अध्यक्ष वर्ल्ड अलायंस ऑफ बुद्धिस्ट, डॉ. मिथिला चौधरी अध्यक्ष, वर्ल्ड अलायंस ऑफ बुद्धिस्ट यूथ और भारत से भदंत हर्षबोधि महाथेरो बौद्धगया सहित कई पूजनीय भिक्षु विशेष रूप से शामिल होंगे। थाई प्रतिनिधिमंडल द्वारा भंते शाक्यपुत्र सागर थेरो को कठिन चीवरदान अर्पित किया जाएगा।
यह होगी कार्यक्रम की रूपरेखा
शिखा जोशी ने बताया कि दोपहर 12.30 बजे कोलार तिराहे से बुद्धभूमि महाविहार तक भव्य कठिन चीवरदान रैली निकाली जाएगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे धम्म ध्वजारोहण, बुद्ध वंदना और महापरित्राण पाठ होगा। दोपहर 2  बजे थाईलैंड के धम्मकाया फाउंडेशन और स्थानीय उपासक संघों द्वारा चीवरदान पूजन एवं अर्पण किया जाएगा। शिखा जोशी ने बताया कि भारत-थाईलैंड बौद्ध मैत्री एवं धम्म संबंध पर चर्चा के बाद सामूहिक मैत्री भोज और आशीर्वचन के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
मैत्रीय बुद्ध महाविहार उपासिका संघ की अध्यक्ष वंदना मुलताईकर ने बताया कि इस महोत्सव में भोपाल की 32 से अधिक बौद्ध समितियां और महिला मंडल हिस्सा लेंगे। संघ ने सभी नागरिकों से परिवार सहित इस पुण्य आयोजन में शामिल होने की अपील की है।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply