-विसर्जन से पहले महिलाओं ने खेला सिंदूर
अनोखा तीर, हरदा। बंगाली कॉलोनी में पांच दिन से चल रहा देवी उत्सव शुक्रवार को खत्म हो गया। बंगाली समाज ने मां काली की प्रतिमा का विसर्जन किया। यहां 43 साल से कार्तिक अमावस्या की रात मां काली की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। विसर्जन से पहले महिलाओं ने सिंदूर खेला की रस्म निभाई। उन्होंने एक-दूसरे को सिंदूर लगाया और ढाक की थाप पर नृत्य किया। महिलाओं ने पति की लंबी उम्र की कामना भी की। इस दौरान धूपदानी आरती की गई। महिलाओं ने मां काली की प्रतिमा को सिंदूर लगाया और फिर एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर विदाई दी। बंगाली समाज मां काली को बड़ी मां और शक्तिपूजा के रूप में पूजता है। दीपावली की अमावस्या की रात प्रतिमा स्थापित की गई थी। इसके बाद चार दिन तक सुबह-शाम पूजा हुई। बंगाली समाज की महिलाओं ने निर्जला उपवास रखा। बड़े-बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक ने मां काली के दरबार में माथा टेका। बंगाली समाज की स्मिता गाइन ने बताया कि मां काली की विदाई से पहले सिंदूर खेला की रस्म निभाई गई। उन्होंने कहा कि बंगाली समुदाय में इस परंपरा का विशेष महत्व है। सुहागिन महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना करती हैं। पूजा पंडाल में सुबह से महिलाएं जुटने लगीं। पारंपरिक सफेद साड़ी पहने महिलाओं ने पूजा में हिस्सा लिया। रस्म की शुरुआत देवी बोरोन से हुई। महिलाओं ने मां दुर्गा की आरती उतारी और देवी को भोग, मिठाई, पान और सिंदूर चढ़ाया। इसके बाद मां के माथे और चरणों में सिंदूर लगाया और परिवार की खुशहाली व सुख-शांति की कामना की।




