Skip to content
Saturday, 14 November 2026
हरदा

10 दिन की नवजात की हत्या करने वाली मां को उम्रकैद

2 min read
18 2
Text Size:

-गला दबाकर की थी हत्या

अनोखा तीर, हरदा। टिमरनी थाना क्षेत्र के सोहागपुर गांव में 10 दिन की बेटी की गला दबाकर हत्या करने के मामले में कोर्ट ने मां पूजा को उम्रकैद की सजा सुनाई है। कोर्ट ने उस पर 500 रुपए का जुर्माना भी लगाया है। फैसला शुक्रवार को सुनाया गया। अतिरिक्त लोक अभियोजक विपिन सोनकर ने बताया कि द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश ने सजा सुनाई। उन्होंने कहा कि इस अपराध में सहानुभूति दिखाना उचित नहीं है। मामले में संगीता पति मुकेश कोरकू ने 18 फरवरी 2023 को टिमरनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी छोटी ननद पूजा ने सोडलपुर के संजू बंजारे से 2021 में प्रेम विवाह किया था। वहीं पूजा ने 8 फरवरी को टिमरनी के सरकारी अस्पताल में बेटी को जन्म दिया था। बच्ची स्वस्थ थी और उसका नाम संध्या रखा गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, 15 फरवरी को पूजा बेटी को ससुराल में छोड़कर मायके सोहागपुर आ गई थी। उसने बताया था कि पति संजू ने उसके साथ मारपीट की, इसलिए वह जंगल के रास्ते अपने माता-पिता के पास आई है। बाद में पेटदर्द की शिकायत पर पूजा अपनी बड़ी बहन और दामाद के साथ इलाज के लिए हरदा गई। लौटने पर उसकी गोद में बेटी संध्या थी। पूछने पर उसने कहा कि उसकी सास बेटी को उसके पास छोड़ गई है। पूजा ने अपनी मां क्षमा से कहा कि वह बेटी को नहीं रखना चाहती। परिवार के लोगों ने उसे समझाया कि बच्ची उसी की है। इसके बाद पूजा ने बेटी को दूध पिलाया और घर के लोग खाना खाकर सो गए। क्षमा बाई खेत पर काम करने चली गई थीं। अगले दिन दोपहर में पूजा और उसकी भाभी संगीता घर से बाहर गईं। रास्ते में पूजा ने संगीता को बताया कि उसने बेटी संध्या का गला दबाकर हत्या कर दी है। उसने कहा कि वह पति के साथ नहीं रहना चाहती और अपनी समाज के लड़के के साथ रहेगी।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply