
-एक ही प्रतियोगिता में जीते प्रथम और तृतीय पुरस्कार
-75 हजार और 33 हजार रुपये की मिली इनामी राशि
अनोखा तीर, हरदा। देवास जिले के बड़कन-खारी क्षेत्र में आयोजित विशाल बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता में छोटी हरदा के प्रहलाद पटेल जेवल्या की बैल जोड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम और तृतीय स्थान हासिल किया। एक ही प्रतियोगिता में एक मालिक की दो बैल जोड़ियों द्वारा दो पुरस्कार जीतने पर हरदा जिले का नाम रोशन हुआ। प्रतियोगिता में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। दूर-दूर से किसान अपनी सजी-धजी बैल जोड़ियों के साथ पहुंचे। ढोल-नगाड़ों और दर्शकों की तालियों के बीच शुरू हुई दौड़ में बैल जोड़ियों ने अपनी रफ्तार और बेहतर तालमेल से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में प्रहलाद पटेल जेवल्या, छोटी हरदा की एक बैल जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और 75,001 रुपये का पुरस्कार अपने नाम किया। वहीं उनकी दूसरी बैल जोड़ी ने भी बेहतरीन प्रदर्शन कर तृतीय स्थान हासिल किया और 33,001 रुपये का पुरस्कार जीता। प्रतियोगिता में द्वितीय पुरस्कार 55,001 रुपये राजेश भादू, बेड़ागांव और छोटू पटेल, धनवानी की बैल जोड़ी को मिला। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रहलाद पटेल जेवल्या ने अपनी सफलता का श्रेय बैलों की मेहनत, परिवार के सहयोग और गांव के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे छोटी हरदा और हरदा जिले की जीत है। एक ही प्रतियोगिता में दो बैल जोड़ियों के माध्यम से प्रथम और तृतीय पुरस्कार हासिल करने की उपलब्धि क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।




