-जिले में पहली बार पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
-जमानत पर बाहर आते ही फिर शुरू कर दिया था नशे का धंधा, पहले से दर्ज हैं 8 केस
अनोखा तीर, रहटगांव। जिले में पुलिस ने पहली बार सख्त पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। शुक्रवार को पुलिस ने गांजे की तस्करी करने वाले पुराने तस्कर शेख खलील को गिरफ्तार कर सीधे जबलपुर सेंट्रल जेल भेज दिया है। रहटगांव थाना प्रभारी मनोज दुबे ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी 56 वर्षीय शेख खलील पिता शेख रशीद मोहनपुर गांव का रहने वाला है। वह पिछले कई सालों से इलाके में गांजे की अवैध सप्लाई में शामिल था। करीब डेढ़ साल पहले भी पुलिस ने उसे टेमागांव के पास गांजे की खेप के साथ रंगे हाथों पकड़ा था। उस मामले में जेल की हवा खाने के बाद वह महज 15 दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था, लेकिन बाहर आते ही वह फिर से नशे के धंधे में सक्रिय हो गया। आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रस्ताव तैयार किया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, शेख खलील पर नशीले पदार्थों की तस्करी के पहले से 8 अलग-अलग केस दर्ज हैं।
गांजा तस्कर को जबलपुर सेंट्रल जेल भेजा




