– अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश
अनोखा तीर, हरदा। स्थानीय जिला पंचायत के सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर कुमार सत्यम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्रतानुसार समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार एवं श्रीमती अनुपमा चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरोत्तम भार्गव, एसडीएम खिरकिया सुश्री रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा शैलेन्द्र बड़ोनिया, डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्वेता बम्होरे एवं अशोक डेहरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
फसल बीमा और किसान सम्मान निधि की शिकायतें पहुंचीं
जनसुनवाई में ग्राम गोला निवासी प्रेमचन्द्र गुर्जर ने वर्ष 2025 की खरीफ सोयाबीन फसल के प्रधानमंत्री फसल बीमा की राशि प्राप्त नहीं होने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने एलडीएम हरदा को समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम नयापुरा निवासी कांतिबाई ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किश्त नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार हंडिया को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ट्राइसाइकिल और भूमि संबंधी मामलों पर दिए निर्देश
ग्राम जिनवानिया निवासी बद्री ने जनसुनवाई में ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग को आवेदक की पात्रता के अनुसार ट्राइसाइकिल प्रदान करने के निर्देश दिए गए। ग्राम दीपगांवकला निवासी कमलेश गुर्जर ने अपनी भूमि के सीमांकन के लिए आवेदन दिया, जिस पर तहसीलदार सिराली को निराकरण के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार ग्राम पलासनेर निवासी अकीला बी ने भूमि का सीमांकन कराने की मांग की, जिस पर तहसीलदार हरदा को कार्रवाई करने के लिए कहा गया।
अतिक्रमण, बिजली बिल और पेयजल की समस्याएं भी उठीं
ग्राम रन्हाईकला निवासी गणेश ने सरकारी गोहे पर अतिक्रमण कर पक्का रपटा बनाए जाने की शिकायत की। इस पर तहसीलदार हरदा को मामले की जांच कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। हरदा निवासी उमा बाई ने बिजली बिल अधिक आने की शिकायत की, जिस पर विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए गए। वहीं सिराली निवासी रियाज खान ने नल-जल योजना के तहत पेयजल व्यवस्था में सुधार की मांग की। इस पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी सिराली को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।







