अनोखा तीर, हरदा। नगर के सरस्वती शिशु मंदिर द्वारा विद्याभारती मध्यभारत प्रांत के तत्वावधान में संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित संत रविदास जयंती सप्ताह का समापन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा खेड़ीपुरा नाका स्थित संत रविदास चौक एवं मंदिर पहुंचकर संत शिरोमणि रविदास जी महाराज का स्मरण एवं नमन किया गया। कार्यक्रम में टिमरनी के पूर्व विधायक मनोहर लाल राठौर, वार्ड अध्यक्ष एवं समाजसेवी शैलेंद्र मंडराई तथा अधिवक्ता शुभम राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन हमें समानता, प्रेम, सद्भाव, परिश्रम एवं मानवता का संदेश देता है। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने वाले हैं। विद्यालय में इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में महापुरुषों के प्रति श्रद्धा, भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव एवं नैतिक मूल्यों का विकास किया जा रहा है। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं आचार्यों ने संत रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही कहा कि संत रविदास जी ने द्वेशों एवं वाणी के माध्यम से समाज को समानता, बंधुत्व और मानवता का महान संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकता, सद्भाव और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। कार्यक्रम में अतिथियों का परिचय विद्यालय के प्राचार्य राजेन्द्र तिवारी ने कराया। अंत में विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य कैलाश पांडे ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समाज के गणमान्य नागरिकों सहित विद्यालय का समस्त आचार्य परिवार उपस्थित रहा।
संत रविदास जयंती सप्ताह का श्रद्धा एवं उत्साह के साथ समापन







