– जिला कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
-आरोपियों के नाम सार्वजनिक कर फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चले मुकदमा, दोषियों को मिले कठोर सजा : मोहन सांई
अनोखा तीर, हरदा। जिले में अवैध शराब, एमडी ड्रग्स, गांजा, अफीम और डोडा चूरा के कथित अवैध कारोबार के खिलाफ जिला कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस द्वारा राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में वास्तविक आरोपियों के नाम सार्वजनिक करने, उनके विरुद्ध फास्ट-ट्रैक कोर्ट में प्रकरण चलाने तथा दोषियों को कठोर से कठोर सजा देने की मांग की गई। इस दौरान मोहन सांई ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर किसके संरक्षण में जिले में अवैध शराब सहित अन्य मादक पदार्थों का कारोबार संचालित हो रहा है? उन्होंने कहा कि जिले के गांव-गांव में कथित तौर पर अवैध शराब, एमडी ड्रग्स, गांजा, अफीम और डोडा चूरा खुलेआम बेचा जा रहा है, लेकिन सरकार और जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि नशे की बढ़ती लत के कारण कई परिवार बर्बाद हो चुके हैं। स्कूलों के आसपास चाय की दुकानों पर भी एमडी ड्रग्स की बिक्री होने और विद्यार्थियों को नशे की गिरफ्त में धकेले जाने के आरोप लगाए। उन्होंने प्रशासन से इस पूरे मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की। मोहन सांई ने जहरीली शराब से देवास, सागर, बालाघाट और भिंड जिलों में हुई मौतों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मामलों के बावजूद अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे तस्करों पर कार्रवाई कर मामले को समाप्त कर दिया जाता है, जबकि बड़े कारोबारियों तक कार्रवाई नहीं पहुंचती। ज्ञापन में देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी टीआई दिलीप पुरी की शराब माफियाओं द्वारा हत्या किए जाने के मामले का भी उल्लेख किया गया। जिला कांग्रेस ने उनके परिवार को 10 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता, उनकी पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल वास्तविक आरोपियों को सामने लाया जाए तथा उनके खिलाफ फास्ट-ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर सख्त सजा दिलाई जाए। साथ ही सरकार और जिला प्रशासन से इस अवैध कारोबार को संरक्षण देने वालों के संबंध में जवाब देने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपते समय जिला संगठन महासचिव गोविन्द सिंह सुरमा, क्षेत्रीय विधायक डॉ. आरके दोगने, पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पंवार, सोनतलाई ब्लॉक अध्यक्ष सुरेन्द्र पटेल, आदित्य गर्गाव, इकबाल अहमद, अनिल दुबे, गगन अग्रवाल, अमर रोचलानी, हरिमोहन शर्मा, मुकेश माइकल, उमाशंकर विश्नोई, रमेश सोनकर, आनंद जाट, आमिर पटेल, सुरेन्द्र सराफ, संदीप गौर, सतीश भादू, मुजाईद अली, रामौतार गहलोद, हरीश गुप्ता, नवीन पाल, प्रेरक सारण सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।







