Skip to content
Wednesday, 4 November 2026
हरदा

हंडिया कृषि उपमंडी शुरू कराने की मांग, प्रभारी मंत्री को सौंपा आवेदन

2 min read
06 2
Text Size:

-200 से अधिक गांवों के किसानों को उपज बेचने के लिए हरदा और खातेगांव जाना पड़ रहा

अनोखा तीर, हरदा। हंडिया नगर में लंबे समय से बंद पड़ी कृषि उपमंडी को दोबारा शुरू कराने की मांग उठने लगी है। सोमवार को जिले के प्रवास पर पहुंचे प्रभारी मंत्री को रेस्ट हाउस में भाजपा मंडल महामंत्री प्रभुदयाल धनगर ने आवेदन सौंपकर मंडी का संचालन शुरू कराने की मांग की। आवेदन में बताया गया कि हंडिया तहसील क्षेत्र के 200 से अधिक गांवों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए हरदा या खातेगांव जाना पड़ता है। हंडिया से हरदा की दूरी करीब 20 किमी. है, वहीं काकड़ादा जैसे गांवों से किसानों को लगभग 40 किमी. का सफर तय करना पड़ता है। बड़ी मंडियों में अधिक भीड़ होने के कारण किसानों को उपज बेचने में दो से तीन दिन तक लग जाते हैं। इससे परिवहन का खर्च बढ़ने के साथ ही समय की बर्बादी और परेशानी भी होती है। क्षेत्र के किसानों का कहना है कि पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल के प्रयासों से हंडिया कृषि उपमंडी में करोड़ों रुपए की लागत से निर्माण कार्य कराए गए हैं। यहां टीन शेड और गोदाम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं, इसके बावजूद मंडी बोर्ड द्वारा इसका संचालन शुरू नहीं किया जा रहा है। किसानों ने जल्द से जल्द मंडी चालू कराने की मांग की है। इस मांग के समर्थन में राहुल पुनिया, अमरचंद धनगर और कमलेश धनगर सहित क्षेत्र के किसानों ने भी अपनी परेशानी बताई।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply