Skip to content
Wednesday, 4 November 2026
हरदा

गोली लगने से मादा काले हिरण की मौत, खेत में मिला शव

2 min read
Text Size:

– शिकारियों की तलाश में जुटा वन विभाग
अनोखा तीर, हरदा। जिले के हंडिया वन परिक्षेत्र अंतर्गत सिरकम्बा गांव के पास खेत में गोली लगने से एक मादा काले हिरण की मौत का मामला सामने आया है। हिरण का शव खेत में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जांच में सामने आया कि हिरण को गोली मारी गई थी, जो उसके पेट से आर-पार निकल गई। घटना के बाद से शिकार के आरोपी फरार हैं। वन विभाग और पुलिस उनकी तलाश में जुटे हैं। वन परिक्षेत्र अधिकारी छगनसिंह भिलाला के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे ग्रामीणों ने गोली चलने की आवाज सुनी थी। इसके बाद घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों और ग्रामीणों को खेत में हिरण मृत अवस्था में मिला। आसपास तलाश करने के बावजूद संदिग्धों का कोई सुराग नहीं मिल सका। वन विभाग की टीम मृत हिरण के शव को रेंज कार्यालय लेकर पहुंची। न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जांच में पुष्टि हुई कि गोली हिरण के पेट से आर-पार निकली थी।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
वन विभाग ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 2, 9, 39, 50 और 52 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। विभाग द्वारा मामले की जांच करते हुए शिकार में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है। डीएफओ ने बताया कि न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद मृत हिरण का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दूसरे राज्यों तक गिरोह के तार होने की आशंका
वन विभाग इस घटना को दूसरे राज्यों में वन्यजीवों के अंगों की आपूर्ति करने वाले गिरोह से जोड़कर भी जांच कर रहा है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। काला हिरण वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 में शामिल है। इसके शिकार और अवैध व्यापार पर कड़े दंड का प्रावधान है। फिलहाल वन विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती शिकारियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना है। ग्रामीणों द्वारा रात में फायरिंग की आवाज सुने जाने के बावजूद आरोपी अब तक पकड़ में नहीं आए हैं।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply